अमन अंकित. मीडिया हाउस/बी.के.टाइम्स 7 ता. सोनीपत – कोई भी बेघर व्यक्ति ठंड में परेशान न हो इसके लिए उपायुक्त के मकरंद पांडुरंग ने सभी अधिकारियों को रात में व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए है। इन आदेशों के बाद शुक्रवार रात को सभी उपमंडल अधिकारियों सहित सभी तहसीलदार व नगर निगम व पालिकाओं के अधिकारियों ने रात को प्रत्येक स्थान का दौरा कर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बेघर व्यक्ति बाहर न रहे और ठंड में परेशान न हो। राई क्षेत्र में एक दंपत्ति के लिए तो राई रेस्ट हाउस के कमरे को अस्थाई रैन बसेरे में तब्दील किया गया। सोनीपत में एसडीएम जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में सभी प्रशासनिक अधिकारी रात करीब 10 बजे शहर सबसे पहले रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां उन्होंने वहां मौजूद कुछ बेघरों को शनि मंदिर के पास स्थित रैन बसेरे में भिजवाया। इसके बाद वह बारौटा गांव में स्थित राठधना रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां सो रहे कुछ लोगों को उन्होंने कंबल दिए और वेटिंग हाल में सोने का प्रबंध करवाया। इसके पश्चात उन्होंने कुंडली व राई औद्योगिक क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एक दंपत्ति के लिए राई रेस्ट हाउस में अस्थाई रैन बसेरे का इंतजाम करवाया गया। इसके साथ ही तहसीलदार हितेंद्र शर्मा ने शनि मंदिर रैन बसेरा का निरीक्षण किया और उसके बाद बस अड्डे के पास अस्थाई रैन बसेरे में आठ लोगों के लिए रजाई व गद्दे का इंतजाम करवाया। वहीं एसडीएम गोहाना सुभिता ढाका ने रात को गोहाना में कई स्थानों का दौरा किया और वहां निरीक्षण के दौरान कोई भी बेघर नहीं पाया गया। एसडीएम खरखौदा राकेश कुमार ने भी खरखौदा शहर की सब्जी मंडी व अन्य स्थानों का दौरा किया। इस दौरान वहां पर भी कोई बेघर व्यक्ति नहीं मिला। उपायुक्त के मकरंद पांडुरंग ने बताया कि जिला में कोई भी बेघर व्यक्ति बाहर खुले में न सोए इसके लिए प्रशासन द्वारा पूरा प्रबंध किया गया है। अगर किसी भी व्यक्ति को कोई बेघर व्यक्ति मिलता है तो उसे शनि मंदिर रैन बसेरे और कई स्थानों पर तैयार किए गए अस्थाई रैन बसेरों में भेज सकता है।
