मीडिया हाउस 26 ता. रांची- झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पलामू जिले में मुठभेड़ में दो महिला समेत चार नक्सली मारे गये। मारे गये नक्सलियों में 5 लाख का इनामी एरिया कमांडर विमल यादव शामिल है। रविवार देर रात शुरू हुई मुठभेड़ सोमवार की सुबह तक चली। यह जानकारी सीआरपीएफ के आइजी संजय आनंद लाटकर ने मीडिया को दी। आइजी लाटकर ने बताया कि पलामू जिला के छतरपुर के नौडीहा क्षेत्र में स्थित विषयपुर पहाड़ी पर पुलिस व माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ खत्म होने के बाद पलामू के एसपी इंद्रजीत महथा के नेतृत्व में सर्च अभियान चल रहा है। आइजी ने कहा कि 15 दिन से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि 134 सीआरपीएफ बटालियन के साथ पलामू जिले के छतरपुर में नक्सलियों की मुठभेड़ हो गयी। इसमें सुरक्षा बलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। मारे गये नक्सलियों में दो महिला हैं। सभी चार शव बरामद कर लिये गये हैं। मारे गये नक्सलियों के पास से पुलिस ने दो एसएलआर बरामद किया है। उन्होने बताया कि मारा गया सबजोनल कमांडर विमल यादव उर्फ गणेश यादव बिहार के औरंगाबाद जिला के मदनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया का रहने वाला था। राज्य सरकार ने विमल पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आइजी ने बताया कि नक्सली एरिया कमांडर विमल यादव बिहार का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि ठोस सूचना पर सुरक्षा बल के जवान काम कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि राज्य से नक्सलियों के सफाये में सुरक्षा बलों को निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी। यहां बताना प्रासंगिक होगा झारखंड सरकार ने वर्ष 2017 में नक्सलियों के खात्मे का लक्ष्य तय किया था। लेकिन बाद में इसकी डेडलाइन वर्ष 2018 कर दी गयी। झारखंड के पुलिस महानिदेशक डीके पांडेय बार-बार कहते हैं कि नक्सिलयों का प्रभाव अब सीमित क्षेत्र में रह गया है। वहां से भी उन्हें जल्द ही खदेड़ दिया जायेगा। इसलिए नक्सल प्रभावित जिलों में भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है और नक्सलियों के सफाये के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञात हो कि मुठभेड़ में मारी गई दोनों युवतियां दो दिन पूर्व पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण करने वाले माओवादी उग्रवादी राजेन्द्र भुईयां की चचेरी बहने हैं।
