मीडिया हाउस 22 ता.कोलंबो- 8 बम धमाके और करीब 290 लोगों की मौत। रविवार सुबह हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद पड़ोसी मुल्क श्रीलंका गम और खौफ में डूबा है। राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने आज आधी रात से देश में आपातकाल लागू करने का ऐलान किया है। इस बीच श्रीलंकाई सरकार ने पहली बार इन हमलों में जिम्मेदार संगठन का नाम लिया है। सरकार के प्रवक्ता राजीथा सेनारत्ने ने सीरियल ब्लास्ट के लिए स्थानीय इस्लामी चरमपंथी संगठन नैशनल तौहीद जमात (NTJ) को जिम्मेदार ठहराया है। सीरियल ब्लास्ट में मरने वाले लोगों का आंकड़ा 290 तक पहुंच गया है। इसमें चार जनता दल सेक्युलर (JDS) के कार्यकर्ताओं समेत सात भारतीय भी शामिल हैं। जेडीएस नेता किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने श्रीलंका गए थे और वहां होटल में ठहरे हुए थे। बड़ी तादाद में लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के कारण मरनेवाले लोगों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
श्रीलंका पुलिस इस हमले की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। अब तक करीब 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। श्रीलंका सरकार में मंत्री सेनारत्ने के मुताबिक इस बात की जांच की जा रही है कि क्या इस संगठन को बाहर से मदद मिल रही थी। ब्लास्ट के बाद चर्च में जहां-तहां बिखरी लाशें और मांस को लोथड़े। श्रीलंका में जिसने भी यह मंजर देखा, वह सदमे में है। लोगों की जुबां पर सवाल है-आखिर भगवान कहां है? ईस्टर के मौके पर जब हजारों लोग प्रार्थना के लिए चर्च पहुंचे थे, उस समय हमलावरों ने चर्च और होटलों को निशाना बनाया था। सुरक्षाबलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान दो जिंदा बम और मिल चुके हैं। इन्हें बाद में डिफ्यूज कर दिया गया। हमले में घायल हुए शांता प्रसाद घायल बच्चों को कोलंबो के हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। इस हमले के बाद उनके जेहन में सिविल वॉर की याद ताजा हो गई। उन्होंने कहा, मैं अपने साथ 8 घायल बच्चों को लेकर गया। इनमें 2 बच्चियां 6 और 8 साल की थीं। मेरी बेटियों की उम्र भी लगभग यही है। उनके कपड़े खून से लथपथ थे। एक दशक के बाद ऐसी हिंसा फिर से देखकर दिल दहल गया। राजधानी कोलंबों में सड़क साफ करने वाले एक कर्मचारी ने कहा कि उनके लिए यह काम करना रविवार को काफी दुख पहुंचाने वाला था। अब हम लोगों को कोई भी काला प्लास्टिक बैग छूते हुए भी डर लग रहा है। बीता रविवार उन दिनों की याद दिलाता है, जब हम लोग बसों और ट्रेनों में जाने से भी डरते थे। श्रीलंका में सोमवार को स्कूल, कॉलेज और स्टॉक मार्केट तो बंद रहे, लेकिन कुछ दुकानें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट खुल नजर आए।gns
