बैंक सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम पर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मिडिया हाउस सोनभद्र – जनपद में बैंक शाखाओं एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, बैंकिंग फ्रॉड/साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस एवं बैंक प्रबंधन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 13.08.2026 को पुलिस लाइन चुर्क, सोनभद्र के सभागार में जनपद के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों/अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल द्वारा किया गया। बैठक में विभिन्न बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधकों एवं अधिकृत प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बैठक के दौरान बैंक शाखाओं, एटीएम एवं बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैंकिंग फ्रॉड एवं साइबर अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध बैंक खातों एवं असामान्य लेन-देन की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने तथा साइबर अपराध से संबंधित मामलों में पुलिस एवं बैंक अधिकारियों के मध्य त्वरित समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामान्य लेन-देन अथवा साइबर धोखाधड़ी की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारी/साइबर क्राइम पुलिस को सूचित करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में बैंक शाखाओं एवं एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता, अलार्म सिस्टम एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) द्वारा कहा गया कि बैंकिंग सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम पुलिस और बैंक प्रबंधन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए दोनों विभागों के मध्य निरंतर समन्वय एवं सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान आवश्यक है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही बैंक प्रबंधन को अपने ग्राहकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा OTP, ATM PIN, UPI PIN, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करने के संबंध में नियमित रूप से जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।










