एचआरडी ऑडिटोरियम में क्षेत्रीय सम्मेलन आज

मीडिया हाउस न्यूज एजेंन्सी 05ता०बोकारो। न्यायिक अकादमी, झारखंड के सहयोग से बोकारो जजशिप एवं जिला प्रशासन बोकारो द्वारा “रिमांड और जमानत न्यायशास्त्र के प्रमुख मुद्दे” विषय पर क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन बोकारो स्टील सिटी के एचआरडी ऑडिटोरियम में रविवार को होने जा रहा है। इस सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया एवं झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति/न्यायाधीश, राज्य के विभिन्न जिलों से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, न्यायिक पदाधिकारीगण,जिलों के वरीय पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण आदि शामिल होंगे।इसी क्षेत्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय आर. मुखोपाध्याय, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री कुमारी रंजना अस्थाना, उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक, उप विकास आयुक्त श्रीमती कीर्तीश्री ने एचआरडी ऑडिटोरियम में चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों/बीएसएल अधिकारियों को जरूरी दिशा – निर्देश दिया। न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय आर. मुखोपाध्याय ने बोकारो जजशिप एवं जिला प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री कुमारी रंजना अस्थाना एवं उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने ऑडिटोरियम एवं परिसर में चल रहे तैयारी कर्यों को ससमय पूर्ण करने के लिए पदाधिकारी/कर्मियों को निर्देश दिया। कहा कि तैयारियों में किसी तरह की कोई चूक नहीं हो, ससमय जिन्हें जो दायित्व दिया गया है उसका निष्पादन करेंगे। इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर भी न्यायिक पदाधिकारियों को जरूरी दिशा – निर्देश दिया। उल्लेखनीय हो कि, आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह, सम्मानित अतिथि मुख्य न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय-सह- संरक्षक-प्रमुख न्यायिक अकादमी झारखंड न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा,न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष झालसा न्यायमूर्ति एस. चन्द्रशेखर, न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रभारी न्यायाधीश न्यायिक अकादमी, झारखंड न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद समेत झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आदि शामिल थे।