जमशेदपुर में गोली मारकर कारोबारी की हत्या

जमशेदपुर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के नामोटोला में शुक्रवार देर शाम बेखौफ अपराधियों ने विजय साहू नामक शख्स की उसके घर के दरवाजे के पास गोली मारकर हत्या कर दी।

विजय साहू शराब के कारोबार से जुड़ा था। हत्या की वजहों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों में से एक की पहचान हो गई है। उसका नाम टिंकू गोप बताया जा रहा है।

विजय साहू शाम को स्कूटी से घर लौटा था। उसने दरवाजा खोलने के लिए दस्तक द‍िया ही था, इसी बीच स्कूटी पर सवार होकर आए तीन लोगों ने उसे गोली मार दी। इसके बाद वे आराम से फरार हो गए। विजय साहू को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजय साहू नामोटोला में किराए के मकान में रहता था। उसके आवास के पास एक शराब की दुकान है, जहां लोगों के जमावड़े को लेकर दो-तीन दिन पहले उसका कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। उस समय भी उस पर फायरिंग की गई, लेक‍िन क‍िसी ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश नहीं की। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। घटनास्थल से गोलियों के तीन खोखे बरामद किए गए हैं।

विजय साहू की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे लोगों ने पुलिस के समक्ष हंगामा किया।

–आईएएनएस

एसएनसी/सीबीटी

जानें, 70 सालों से कायम भारत और रूस की दोस्ती का रहस्‍य

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *