मध्य प्रदेश : नीमच रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कायाकल्प, यात्रियों ने जताई प्रसन्नता

नीमच, 29 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की प्रमुख योजनाओं में से एक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्यप्रदेश के नीमच रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। इस योजना का उद्देश्य भारतीय रेलवे स्टेशनों को न केवल आधुनिक बनाना, बल्कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं प्रदान करना है।

मोदी सरकार की इस परियोजना के तहत नीमच रेलवे स्टेशन में कई प्रमुख सुधार किए जा रहे हैं, जिनसे यात्रियों को एक बेहतर अनुभव मिल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत, नीमच रेलवे स्टेशन को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने, प्रतीक्षा क्षेत्र, शौचालय, लिफ्ट, और एस्केलेटर को बेहतर बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और विरासत के अनुरूप स्टेशन को विकसित करना है, ताकि यह न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक हो, बल्कि पर्यावरण के प्रति भी संवेदनशील हो।

इसके अलावा, नीमच स्टेशन में यात्रियों के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इन सुविधाओं में मुफ्त वाई-फाई, स्थानीय उत्पादों के लिए कियोस्क, विकलांगों और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं, शौचालयों की सफाई, लिफ्ट और एस्केलेटर, और स्टेशनों को टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाने सहित कई अन्य पहलू शामिल हैं। इसके अलावा, यात्री सूचनाओं को बेहतर तरीके से पहुंचाने के लिए नई सूचना प्रणाली भी स्थापित की गई है। नीमच स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन में सम्मिलित होने के बाद से यात्रियों ने अपने बेहतरीन अनुभव साझा किए।

नीमच के निवासी राजेन्द्र शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि पहले नीमच स्टेशन की स्थिति बहुत खराब थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस स्टेशन का कायाकल्प हो चुका है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म अब बहुत बड़े और व्यवस्थित हैं। पहले जो पुरानी चीजें थीं, उन्हें बदलकर नई सुविधाएं स्थापित की गई हैं। अब यात्रियों को शुद्ध पीने के पानी की सुविधा मिलती है, साथ ही गाड़ियां खड़ी करने के लिए पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध है।

सीएम योगी ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, बोले- 'आपके जीवन का हर क्षण हमारे लिए प्रेरणा'

राजेन्द्र शर्मा ने दावा किया कि पहले के मुकाबले बहुत सारी सुविधाएं काफी अच्छी हो गई हैं।

उज्जैन जिले के यात्री भावेश ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दो-तीन साल पहले जब मैं यहां आया था, तब स्टेशन बहुत गंदा और अव्यवस्थित था। लेकिन, आज जब मैंने देखा तो स्टेशन पूरी तरह से बदल चुका है। पहले यहां गंदगी हुआ करती थी, जानवर घुमा करते थे, लेकिन, अब ऐसा यहां कुछ नहीं है। यहां पर स्वच्छ पानी, साफ-सुथरा स्टेशन और बेहतर सुविधाएं हैं। यह सब प्रधानमंत्री मोदी की मेहनत का परिणाम है।

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि इस योजना के तहत रतलाम मंडल के लगभग 16 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें नीमच स्टेशन भी शामिल है। नीमच स्टेशन पर 70 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और स्टेशन के अन्य हिस्सों का विकास कर लिया गया है। इसके अलावा, दीवारों पर ब्लूप्रिंट और ब्यूटीफिकेशन का काम भी अंतिम चरण में है। आने वाले समय में, नीमच स्टेशन का नया रूप सभी को देखने को मिलेगा।

–आईएएनएस

पीएसके/जीकेटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *