केन्या हिंसा: उच्चायोग ने भारतीय नागरिकों के लिए जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

मीडिया हाउस नैरोबी– सरकार की प्रस्तावित कर बढ़ोतरी के खिलाफ पूर्वी अफ्रीकी देश केन्‍या में जारी हिंसक घटनाओं को देखते हुए भारतीय उच्चायोग ने मंगलवार को सभी भारतीयों के लिए एहतियात के तौर पर एक एडवाइजरी जारी की है।

दरअसल केन्या में टैक्स का बोझ बढ़ाए जाने से गुस्साए हजारों लोग मंगलवार को संसद परिसर में घुस गए। संसद में घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोलीबारी की, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए हैं।
किसी भी विपरीत परिस्थिति से बचने के लिए केन्या की राजधानी नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने सभी भारतीयों के लिए सलाह जारी करते हुए कहा है कि यहां स्थिति तनावपूर्ण है, इसलिए सभी भारतीयों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें, गैर-जरूरी आवाजाही से बचें और प्रदर्शनों एवं हिंसा से प्रभावित इलाकों से दूर रहें।
भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा केन्या में भारतीय नागरिकों के लिए सलाह। मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए, केन्या में सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही को प्रतिबंधित करने और स्थिति सामान्य होने तक विरोध एवं हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों से बचने की सलाह दी जाती है।
केन्या में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के लिए चिंतित उच्चायोग ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि हिंसा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए स्थानीय समाचार और भारतीय उच्चायोग की वेबसाइट तथा सोशल मीडिया हैंडल्स पर नजर बनाए रखें।
एक रिपोर्ट के अनुसार केन्‍या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने हिंसक घटनाओं की निंदा करते हुए ‘हिंसा और अराजकता’ के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही है। वहीं दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र ने इस बात पर जोर दिया है कि लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, जबकि अमेरिका ने केन्याई सरकार से संयम बरतने का आग्रह किया है। (रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

क्वाड देशों ने 2023 समिट के बाद हुई प्रगति की समीक्षा की

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *