12वीं राष्ट्रीय इंस्पायर-मानक प्रदर्शनी में यूपी के 5 बाल वैज्ञानिकों ने लहराया परचम

मीडिया हाउस लखनऊ/नई दिल्ली – विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (NIF) द्वारा संचालित प्रतिष्ठित ‘इंस्पायर-मानक योजना’ (INSPIRE-MANAK) के अंतर्गत आयोजित 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रोजेक्ट एवं प्रदर्शनी प्रतियोगिता (NLEPC) में उत्तर प्रदेश के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी नवाचारी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित भारत मंडपम में 12 और 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के पांच छात्र-छात्राओं के प्रोजेक्ट्स को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ नवाचारों में चयनित किया गया है।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 790 चयनित छात्र-छात्राओं ने अपने तकनीकी एवं वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन किया। इनमें उत्तर प्रदेश से राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित हुए 41 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया था। नेशनल जूरी (राष्ट्रीय निर्णायक मंडल) द्वारा सभी प्रोजेक्ट्स की नवीनता, सामाजिक उपयोगिता, लागत प्रभाविता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का गहन एवं सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया।

प्रतिस्पर्धा के उपरांत उत्तर प्रदेश के 05 छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मॉडलों को राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम रूप से चयनित किया गया, जिनमें अलौकिक सिरस्वाल (मुजफ्फरनगर), दिव्यांश कश्यप (औरैया), कु. दक्षिणा सिंह (फर्रुखाबाद), शुभ अग्रवाल (रामपुर) और अभिनन्जय पाण्डेय (लखनऊ) शामिल हैं।

भारत मंडपम में आयोजित भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के इन पांचों चयनित बाल वैज्ञानिकों को राष्ट्रीय पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साझेदारी मोड में 23 नए सैनिक स्कूलों को मंजूरी दी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *