61 लोगों को ले जा रहा विमान ब्राजील में दुर्घटनाग्रस्त, सभी की मौत

साओ पाउलो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील के साओ पाउलो के पास शुक्रवार को 61 लोगों को ले जा रहा एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। ब्राजील की क्षेत्रीय एयरलाइन वोएपास ने एक बयान में ये जानकारी दी।

विमान साओ पाउलो राज्य के विन्हेडो में दुर्घटनाग्रस्त हुआ और कथित तौर पर एक आवासीय क्षेत्र में गिरा। अधिकारियों ने कहा कि इस दौरान एक घर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, छोटे डबल इंजन वाले विमान ने दक्षिणी ब्राजील के पराना राज्य के कास्कावेल शहर से उड़ान भरी थी और साओ पाउलो में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ था।

पहले बताया गया था कि विमान में सवार 62 लोग मारे गए, लेकिन बाद में एयरलाइन ने मृतकों की संख्या 61 बताई।

वोएपास ने एक बयान में कहा, “कंपनी को यह बताते हुए खेद है कि फ्लाइट 2283 में सवार सभी 61 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।” एयरलाइन के अनुसार, विमान में 57 यात्री और चार चालक दल के सदस्य सवार थे।

एयरलाइन ने कहा, इस समय वोएपास पीड़ितों के परिवारों को सहायता प्रदान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच करने के लिए अधिकारियों के साथ प्रभावी ढंग से सहयोग कर रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त विमान के निर्माता, एटीआर ने कहा है कि उसके विशेषज्ञ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।

–आईएएनएस

एसकेपी/

HBSE 12वीं परिणाम जारी, पास प्रतिशत 84.67% रहा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *