मालगाड़ी हादसे पर कांग्रेस के एजेंडे को रेल मंत्रालय ने किया 'डीरेल'

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में रविवार को एक मालगाड़ी के हादसे से जुड़ा वीडियो शेयर करके कांग्रेस पार्टी ने अपनी किरकिरी करवा ली है। एक तरफ कांग्रेस ने वीडियो शेयर करके रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर सवाल उठाए तो दूसरी तरफ रेलवे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए वीडियो के जवाब में कांग्रेस के व्यवहार पर ही सवाल खड़े कर दिए।

दरअसल, सोनभद्र में कोयले से भरी एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने की वीडियो कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। इसके साथ ही पार्टी ने लिखा, “इस ‘छोटी-छोटी’ घटना में इसे भी जोड़ लीजिए।” इसके बाद रेल मंत्रालय हरकत में आया और कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निराधार तक कह दिया।

रेल मंत्रालय ने कांग्रेस के शेयर किए गए वीडियो के जवाब में लिखा, “लोकोमोटिव भारतीय रेलवे का नहीं है, यह ट्रैक भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे का हिस्सा नहीं है और वैगन का स्वामित्व भी भारतीय रेलवे के पास नहीं है।”

रेल मंत्रालय के जवाब पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी कांग्रेस पार्टी से कई सवाल पूछे। सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि मंत्रालय के बयान से साफ हो गया है कि कांग्रेस ने बिना तथ्य और सच्चाई को जाने ही लोगों को अधूरी जानकारी देने की कोशिश की। लेकिन, रेल मंत्री को घेरने के चक्कर में अपनी किरकिरी करवा ली।

एसपी मिश्रा नाम के यूजर ने लिखा, ”कांग्रेसियों को अपनी बेइज्जती कराने में मजा आता है।”

ऊंची कक्षाओं के बच्चों पर भी पड़ता है प्रदूषण का असर : अजय वीर यादव

वहीं, रविन्द्र थुवाल नाम के एक अन्य यूजर ने लिखा, ”इसको कहते हैं जोर का तमाचा धीरे से मारना! पर इन लोगों को समझ में नहीं आएगा।”

इससे पहले कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ”रील मंत्री जी, यूपी के सोनभद्र में मालगाड़ी पटरी से उतर गई। ‘छोटी-छोटी’ घटना में इसे भी जोड़ लीजिए।”

जानकारी के लिए बता दें कि सरकार देश में निजी मालगाड़ियां भी चलाने की योजना बना चुकी है। देश में कुछ मालगाड़ियां भी प्राइवेट कंपनी चला रही हैं।

–आईएएनएस

एसके/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *