रूस में 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद फटा ज्वालामुखी, सुनामी का खतरा

मॉस्को, 18 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के पूर्वी तट पर आए 7.0 तीव्रता वाले भूकंप के बाद कामचटका क्षेत्र में स्थित शिवलुच ज्वालामुखी फट गया है। स्थानीय मीडिया ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने रूसी विज्ञान अकादमी की सुदूर पूर्वी शाखा के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान का हवाला देते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता तेज होने के कारण ज्वालामुखी फटा है और इससे राख और लावा निकल रहा है।

रिपोर्ट में वैज्ञानिकों के हवाले से कहा गया है, “शिवलुच ज्वालामुखी में विस्फोट शुरू हो गया है, समुद्र तल से 8 किलोमीटर ऊपर तक ज्वालामुखी से निकली राख दिखाई दे रही है।”

दरअसल, शनिवार रात (स्थानीय समयानुसार) कामचटका के पूर्वी तट से दूर एक समुद्री क्षेत्र में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप 50 किलोमीटर की गहराई पर आया।

अमेरिकी राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने शुरुआत में सुनामी का खतरा जारी किया था, लेकिन बाद में कहा कि यह खतरा टल गया है। हालांकि, रूसी आपात मंत्रालय ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

भूकंप के बाद प्रशांत महासागर में कामचटका के पास 3.9 से 5.0 की तीव्रता वाले कई झटके महसूस किए गए। मंत्रालय के हवाले से टीएएसएस ने बताया कि इनमें से ज्यादातर झटके जमीन पर महसूस नहीं किए गए।

–आईएएनएस

एफएम/एसकेपी

'वन नेशन- वन इलेक्शन' पर सहमत होना न होना आपका विवेक है, लेकिन इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिये - उपराष्ट्रपति

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *