नाम 'सुक्खू और काम दुक्खू', कांग्रेस तालाबंदी की सरकार है : हिमाचल भाजपा

नाहन (हिमाचल प्रदेश), 18 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल रविवार को नाहन पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि उनका “नाम सुक्खू है लेकिन काम दुक्खू वाला है”।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार केवल संस्थानों को बंद करने का कार्य कर रही। उन्होंने प्रदेश के लगभग 800 स्कूल बंद कर दिए हैं, सुक्खू सरकार का यही फार्मूला है। स्कूल चलने चाहिए और शिक्षा आगे बढ़नी चाहिए, लेकिन उनकी सरकार स्कूल बंद कर रही है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है कि स्कूल बंद क्यों किए हैं? अटल आदर्श विश्वविद्यालय को हमने बनाया है, लेकिन सरकार उसे नहीं चलाएगी, उसको आउटसोर्स पर दे रही है। सरकार के पास बड़ी मात्रा में शिक्षा संस्थान हैं, लेकिन वह उन्हें चलाना नहीं चाहती है। सरकार ने 400 बसों के रूट भी बंद कर दिए है, जो छोटे-छोटे गांवों में जाया करती थी।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की सुक्खू सरकार जनता की चिंता नहीं कर रही है। वह सिर्फ अपने लाभ की चिंता कर रही है। पानी के बिलों में ग्रामीणों को मिलने वाली रियायत बंद कर दी, बिजली में मिलने वाली रियायत बंद कर दी, पेंशनरों के मेडिकल बिल बंद कर दिए। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, दफ्तर सब बंद कर दिए। राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढोलसरी को बंद करके उसके बच्चों को जंगला भूड स्कूल भेजा जा रहा है। इसी प्रकार बकारला स्कूल को बंद करके उसके बच्चों को सुरला स्कूल में और नगोली स्कूल को बंद करके उसके बच्चों को तालों भेजा जा रहा है।

झारखंड में अगले वित्तीय वर्ष में जातीय सर्वेक्षण कराएगी राज्य सरकार, विधानसभा में किया ऐलान

उन्होंने नाहन के कांग्रेस नेताओं को कहा कि वे एक बार स्वयं ढोलसरी से जंगला भूड जाकर वापस आ जाएं तो स्कूल जरूर बंद कर देना, क्योंकि ढोलसरी से जंगला भूड का 8 किलोमीटर का पैदल रास्ता चढ़ाई, उतराई, खराब रास्तों और जंगलों से घिरा है। सरकार ने कालाअम्ब की तहसील बंद की, पंजाहल, सैनवाला और त्रिलोकपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद किए, पांच पटवार सर्कल, तीन डिस्पेंसरी बंद की और अब स्कूल बंद करके नाहन की जनता को बहुत बड़ा इनाम दिया है।

–आईएएनएस

एसएम/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *