हरियाणा : कैथल में लोजपा की राष्ट्रीय सचिव, भाजपा के कई स्थानीय नेता कांग्रेस में शामिल

कैथल (हरियाणा), 19 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के कैथल में भारतीय जनता पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी के कई स्थानीय नेता तथा सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में लोक जनशक्ति पार्टी (युवा मोर्चा) की राष्ट्रीय सचिव सुपार्श्व जैन और शिक्षा समिति (कैथल) की संचालिका प्रज्ञा पाशा जैन शामिल हैं। भाजपा के शहरी मंडल उपाध्यक्ष नवनीत (टोनी) भंडूला और आईटी सेल शहरी के प्रमुख कृष्ण शर्मा ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। सत्ताधारी भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस का दामन थामा।

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सबका पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर प्रदेश की जनता के लिए काम करेंगे।”

पार्टी में शामिल हुए नेताओं के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस अनुशासन को मानने वाली पार्टी है। पार्टी के लोग अपनी मंशा जाहिर कर सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी द्वारा लिया जाएगा।

कैथल के किसान भवन में सोमवार को सुपार्श्व जैन और प्रज्ञा पाशा जैन ने अपने साथियों लषित जैन, जयना जैन, सुरेंद्र अरोड़ा, अब्दुर रहमान, जयनल अब्दीन, राजीव खुराना, रेखा खुराना, पूनम मनचंदा, संगीता गोयल, संजना बोहत, संजय कुमार, सुमन कश्यप, महिंद्र तथा अन्य से साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया।

नवनीत (टोनी) भंडूला और कृष्ण शर्मा के अलावा भाजपा से दीपक सचदेवा, देवराज धानिया, अशोक खेत्रपाल, पंकज मदान, विक्की शर्मा, सुनील चुघ, हैप्पी जुनेजा, विक्की धवन, देवी शरण कांग्रेस में शामिल हुए। रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर सबको कांग्रेस की सदस्यता दिलाई और पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने का वादा किया।

ट्रेविस हेड-स्मिथ के शतक, बुमराह का पंजा, ऑस्ट्रेलिया 405/7

कांग्रेस ज्वाइन करने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में गरीबों की भलाई सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस तथा रणदीप सुरजेवाला के हाथों में सुरक्षित है। आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। पार्टी के सभी साथियों के साथ मिलकर, कांग्रेस की नीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे और समाज के लिए काम करेंगे।

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *