पीएम मोदी से मिले जापान के विदेश और रक्षा मंत्री

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारत-जापान ‘2 प्लस 2’ द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेने के लिए यहां आये जापान की विदेश मंत्री कमिकावा योको और रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

पीएम मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “तीसरी भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले जापानी विदेश मंत्री कामिकावा योको और रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा से मिलकर प्रसन्नता हुई।”

उन्होंने आगे लिखा, “भारत-जापान रक्षा और सुरक्षा संबंधों में हुई प्रगति का जायजा लिया। भारत-प्रशांत और उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में भारत-जापान साझेदारी की भूमिका की पुष्टि की।”

इस मुलाकात से दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का संकेत मिलता है, जो क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर शांति और स्थिरता को बढ़ावा देगा।

मंत्री स्तरीय ‘2 प्लस 2’ द्विपक्षीय बैठक मंगलवार को होगी। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने आज बताया कि बैठक के दौरान मंत्री द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे और दोनों देशों के बीच संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के लिए नई संभावनाओं पर विचार करेंगे। वे आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

मंत्रालय के बयान में कहा गया है, “मौजूदा वैश्विक माहौल में एक स्वतंत्र, खुला, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए भारत-जापान रक्षा साझेदारी को सुदृढ़ करना महत्वपूर्ण है।”

इससे पहले, दूसरा भारत-जापान ‘2 प्लस 2’ संवाद सितंबर 2022 में जापान में आयोजित किया गया था।

मध्य प्रदेश की एनएचएम की नवीन संविदा नीति में कर्मचारियों के हित को प्राथमिकता : राजेंद्र शुक्ल

–आईएएनएस

पीएसके/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *