आठ दिनों में दो करोड़ लोग बन चुके हैं भाजपा के सदस्य : विनोद तावड़े

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने दावा किया है कि पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के तहत आठ दिनों में दो करोड़ लोग भाजपा की सदस्यता ले चुके हैं।

तावड़े ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष की मौजूदगी में नौ राज्यों के पदाधिकारियों एवं सदस्यता अभियान से जुड़ी टोली के साथ सदस्यता अभियान को लेकर हुई समीक्षा बैठक की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अब तक सदस्यता अभियान बहुत अच्छी तरह से चला है, उसे आगे और किस तरह से बढ़ाया जाए, इसे लेकर प्रथम चरण में नौ राज्यों, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, राजस्थान और कर्नाटक के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग चर्चा हुई। आने वाले दिनों में अन्य राज्यों के साथ भी इसी तरह की बैठक की जाएगी।

विनोद तावड़े ने सदस्यता अभियान के टारगेट के बारे में बताते हुए कहा कि चुनाव में जितने वोट पार्टी को मिले हैं, उसके 75 से 80 प्रतिशत तक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सांसद से लेकर सरपंच तक, भाजपा के हर जनप्रतिनिधि को जो टारगेट दिया गया है, रोजाना उनका टारगेट क्या है और वह कितने लोगों तक पहुंचे हैं, उसकी जानकारी रखनी है। हमें समाज के सभी वर्गों तक जाना है। चुनाव में जहां हम, वोट की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन वहां हमें वोट नहीं मिले, वहां भी जाना, उस समाज के लोगों तक भी पहुंचना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं, सीमावर्ती गांवों, दूर-दराज और पहाड़ी क्षेत्रों को लेकर जो आग्रह किया था, उसके नियोजन के लिए प्रदेशों ने क्या किया है, उस पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।

उत्तरी इज़रायल पर रॉकेट हमले के बाद लेबनान सीमा पर तनाव बढ़ा

उन्होंने कहा कि यह 40 दिन का अभियान चलना है, अभी तो सिर्फ आठ दिन हुए हैं और भाजपा दो करोड़ सदस्य के आंकड़े पर पहुंच गई है। बचे हुए दिनों में इसे और तेजी से कैसे चलाया जाए, प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशों को कैसे पूरा किया जाए, इस पर भी बैठक में चर्चा हुई।

भाजपा देश भर में बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय सदस्यता अभियान चला रही है। पार्टी ने इस राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024’ का नाम दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अभियान का शुभारंभ दो सितंबर को नई दिल्ली से किया था।

–आईएएनएस

एसटीपी/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *