यूपी में लोजपा (राम विलास) में बड़ा फेरबदल, अरविंद पासवान और सिद्धिनाथ मिश्रा को मिली नई जिम्मेदारी

लखनऊ, 17 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी प्रदेश इकाई में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने अरविंद पासवान को मध्य यूपी का प्रदेश अध्यक्ष और सिद्धिनाथ मिश्रा को युवा अध्यक्ष मनोनीत किया है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के आदेश के बाद यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने अरविंद पासवान को बधाई दी। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशानुसार, मुझे आपको लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) मध्य उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत करते हुए अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है। मुझे विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व द्वारा मध्य उत्तर प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सुदृढ़ होगी एवं आपके राजनीतिक अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा।”

वहीं, लोजपा (रामविलास) युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रणब कुमार ने सिद्धिनाथ को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “सिद्धिनाथ को युवा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की मध्य इकाई का अध्यक्ष मनोनीत करते हुए अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है। मुझे विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में पार्टी मध्य उत्तर प्रदेश में और सुदृढ़ होगी।”

अरविंद पासवान लोजपा (रामविलास) में पार्टी की स्थापना से ही कई प्रमुख दायित्व संभाल चुके हैं। इससे पहले वह संयुक्त उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पदों पर थे।

ज्ञात हो कि चिराग पासवान ने शनिवार को मलिहाबाद में आयोजित वीरांगना उदा देवी पासी के बलिदान दिवस कार्यक्रम में युवाओं के प्रतिनिधित्व और नेतृत्व की बात पर जोर दिया था। वर्तमान में मध्यांचल के संगठन मंत्री सिद्धांत मिश्रा के सकारात्मक कार्य को प्रोत्साहन देते हुए उन्हें युवा प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

बिहार : महापर्व छठ के बाद वापसी की चिंता, स्टेशनों पर बढ़ी भीड़, रेलवे ने कर रखी है तैयारी

इस बीच, उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी और जमुई से सांसद अरुण भारती ने दोनों नेताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मिशन 2027 के मद्देनजर लोजपा (रामविलास) में संगठन हेतु समर्पित और कर्मठ अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन में दायित्व प्राप्त अधिकारियों को पार्टी की मजबूती के लिए अपना कंधा मजबूती से लगाना होगा, जिससे 2027 से पूर्व लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश के वंचित समाज सहित अन्य सभी वर्गों की आवाज बने।

–आईएएनएस

एफएम/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *