ऑस्ट्रेलिया : जंगल में लगी भीषण आग जल्द नहीं बुझेगी, अलर्ट जारी

सिडनी, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में लगी भीषण आग को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को अपने घरों से दूर रहने की हिदायत दी है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी राज्य विक्टोरिया में मेलबर्न से लगभग 230 किलोमीटर पश्चिम में स्थित ग्रैम्पियंस नेशनल पार्क के आस-पास के छह शहरों में रहने वाले हजारों लोगों को शुक्रवार और शनिवार को घर खाली करने का आदेश दिया गया, क्योंकि पार्क में लगी आग से घरों और लोगों की जान को खतरा है।

सोमवार को बिजली गिरने से लगी आग शुक्रवार और शनिवार के बीच तेज हवाओं के कारण तीन गुना बढ़ गई।

रविवार सुबह तक 34,000 हेक्टेयर से ज्‍यादा जमीन आग की चपेट में आ गई थी। 300 से ज्‍यादा दमकलकर्मी और पानी की बौछार करने वाले विमान इस पर काबू पाने के लिए काम कर रहे है।

शनिवार को हुई बैठकों में निवासियों को बताया गया कि अधिकारियों को आशंका है कि आग कई हफ्तों तक नहीं बुझेगी।

कंट्री फायर अथॉरिटी के डिप्टी चीफ ऑफि‍सर गैरी कुक ने कहा कि शनिवार रात को अनुकूल परिस्थितियों के कारण दमकलकर्मियों को उत्तरी किनारे पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया।

हालांकि, उन्होंने कहा कि रविवार को तेज हवाओं के पूर्वानुमान के कारण फिर से नियंत्रण प्रयासों को धक्का लगा।

उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई प्रसारण निगम को बताया, “यह एक बड़ी आग है, इसलिए आने वाले दिनों के लिए यह एक बड़ी चुनौती है।”

नवंबर में जारी अपने ‘सीजनल बुशफायर आउटलुक’ में, नेशनल काउंसिल फॉर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज ने ग्रैम्पियंस नेशनल पार्क सहित विक्टोरिया के दक्षिण-पश्चिम को बुशफायर के लिहाज से संवेदनशील इलाका माना है।

भारी बारिश से पाकिस्तान में 24 घंटे में 20 की मौत, कुल आंकड़ा 215 पहुंचा

कुक ने रविवार को कहा कि यह क्षेत्र बहुत शुष्क था और समुदायों को संभवतः शेष गर्मियों में आग के खतरे से निपटना होगा।

–आईएएनएस

एमकेएस/केआर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *