जनता की समस्याओं पर तत्काल हो कार्रवाई : सीएम योगी

गोरखपुर, 3 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ‘जनता दर्शन’ में गोरखनाथ मंदिर पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और त्वरित के साथ समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि हर पीड़ित की समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह सीएम योगी ने ‘जनता दर्शन’ में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

प्रतिकूल मौसम को देखते हुए ‘जनता दर्शन’ का आयोजन मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक फरियादी से मिले।

मुख्यमंत्री के समक्ष ‘जनता दर्शन’ में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण कराकर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि कोई किसी की भूमि पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसे कानून सम्मत सबक सिखाया जाए।

न संगठन तोड़ेंगे, न किसी कार्यकर्ता को बुलाएंगे : चंपई सोरेन

गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार सुबह दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका।

सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। शुक्रवार सुबह भी वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और कुछ समय व्यतीत किया।

–आईएएनएस

एसके/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *