केजरीवाल जी 2025 आ गया, आप यमुना में डुबकी कब लगाएंगे? : राहुल गांधी

नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। देश की राजधानी दिल्ली की सियासत में इन दिनों यमुना नदी के प्रदूषण को लेकर काफी चर्चा हो रही है। यमुना को साफ करने के लिए दिल्ली की जनता से आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक और मौका मांग रहे हैं, जिसके बाद से कांग्रेस और भाजपा उन पर हमलावर हैं।

इसी बीच गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यमुना किनारे पहुंचकर लोगों से बात की और अरविंद केजरीवाल से सवाल किया कि अब तो 2025 आ गया, आप यमुना में डुबकी कब लगाएंगे?

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर कैप्शन में लिखा, “केजरीवाल जी, अब तो 2025 आ गया। आप यमुना में डुबकी कब लगाएंगे? दिल्ली इंतजार कर रही है!”

इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में राहुल गांधी लोगों से चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पिछले चुनाव में केजरीवाल ने वादा किया था कि वह यमुना नदी में डुबकी लगाएंगे, लेकिन अब तक यह वादा अधूरा है। 2025 आ चुका है और इस ऐलान को पांच साल हो चुके हैं, लेकिन केजरीवाल ने यमुना की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।

राहुल गांधी ने वीडियो में यमुना में बढ़ते कचरे और प्रदूषण के बारे में बात करते हुए कहा कि यमुना के पानी में गंदगी बढ़ गई है और इसके लिए केजरीवाल जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल ने यमुना की सफाई को केवल एक जुमला बना दिया है, जो जनता से वोट बटोरने का एक तरीका बनकर रह गया है।

अभी चुनावों की प्रक्रिया इतनी लंबी है कि देश की प्रगति रुक जाती है : शिवराज सिंह चौहान

राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि पहले बहुत लोग यमुना में स्नान करने आते थे, लेकिन अब पानी की गंदगी के कारण बहुत कम लोग यहां आते हैं। लोगों का कहना था कि अब यहां के पानी में नहाना बहुत खतरनाक हो गया है, क्योंकि यह गंदा और प्रदूषित हो चुका है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक और पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “हमें यमुना को सिर्फ एक जल निकाय के रूप में नहीं, एक जीवित प्राणी के रूप में देखना होगा। हमें उसकी इज्जत करनी होगी। जब सरकार ने यमुना को उसके हाल पर छोड़ दिया है तब हमें मिलकर उसकी स्थिति में बदलाव के लिए कदम बढ़ाना होगा।”

उन्होंने आम जनता से अपील की कि अगर उनके पास यमुना की सफाई के लिए कोई सुझाव हो, तो वह उन्हें भेजें। पोस्ट के साथ सुझाव भेजने के लिए राहुल गांधी ने एक लिंक भी शेयर किया।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *