दिल्ली : रवि नेगी का सिसोदिया पर बड़ा आरोप, 'कार्यालय से कई सरकारी सामान गायब'

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रवि नेगी ने मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सिसोदिया विधानसभा कैंप कार्यालय से एसी, टीवी, टेबल, कुर्सी, पंखे और साउंड सिस्टम समेत कई सरकारी सामान चुराकर अपने साथ ले गए।

रवि नेगी ने कहा, “दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज से विधायक रहे। उनका यहां पर एक कैंप कार्यालय है, जहां पर जनता की समस्याओं को सुना जाता था। वह यहां से शिफ्ट हुए तो यह कार्यालय जीते हुए विधायक को मिल जाता है, जैसे मुझे मिल गया। जब मैं कार्यालय गया तो वहां पर सारा सामान गायब था। वहां से सारे सोफे, एसी, टीवी, टेबल, कुर्सी और पंखे गायब हो गए। कई सारे सामान थे, जो दिल्ली सरकार के अलग-अलग डिपार्टमेंट से वहां पर दिए गए थे। ये सभी जनता की अमानत थी, उनको ऐसा नहीं करना चाहिए।”

यमुना की सफाई को लेकर उन्होंने कहा, “मां यमुना के प्रति हमारी आस्था बहुत बड़ी है। जहां पर भी हमारी सरकार है, वहां पर हम गंगा और यमुना जैसी नदियों के लिए बहुत काम करते हैं। यही कारण है कि दिल्ली में भी हमने यमुना की सफाई का अपना काम जल्द शुरू कर दिया है, चाहे यह काम उपराज्यपाल की तरफ से ही क्यों न हो रहा हो।”

उल्लेखनीय है कि दिल्ली चुनाव के प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक पार्टियों के बीच यमुना की गंदगी मुख्य मुद्दा थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अपने चुनावी भाषण में कई बार यमुना नदी की गंदगी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) को घेरते नजर आए थे। चुनाव में जीत के बाद भी पार्टी कार्यालय में दिए अपने भाषण में भी उन्होंने यमुना की गंदगी का जिक्र किया था। इसके साथ ही यमुना की सफाई का भी फिर से भरोसा दिया था।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में सीएम उमर अब्दुल्ला ने पेश किया बजट, क्या बोले नेता?

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *