हरियाणा स्थापना दिवस पर पीएम मोदी और CM नायब सैनी ने दी बधाई, विकसित राज्य बनाने का संकल्प

चंडीगढ़
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने हरियाणा को गौरवशाली इतिहास, अद्भुत पराक्रम और समृद्ध संस्कृति से सुसज्जित देश की शान बताया।
रविवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं। प्रदेश की लोक परंपराओं और जीवंत ग्रामीण संस्कृति ने देश की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कृषि, खेल, रक्षा सेवाओं, उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और परिश्रम का लोहा मनवाया है। यहां के खिलाड़ी तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं, वहीं अन्नदाता देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने इस विशेष अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए आपसी भेदभाव भुलाकर हरियाणा को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लेने की अपील की। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने राज्य के गठन के लिए संघर्ष करने वालों और आधुनिक हरियाणा के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और खिलाड़ियों की मेहनत से हरियाणा देश के तेजी से विकसित होते राज्यों में शामिल हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरक जयंती आत्मचिंतन और भविष्य की योजनाएं बनाने का अवसर है। प्रदेश का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में अधिकतम योगदान देना है।
एक नवंबर 1966 को पंजाब से अलग होकर अस्तित्व में आए हरियाणा ने रविवार को स्थापना के 60 वर्ष पूरे कर हीरक जयंती वर्ष में प्रवेश किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंजाब समेत स्थापना दिवस मना रहे दस अन्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं।










