डूसू के कार्यकारी परिषद चुनाव में 'एबीवीपी' को बहुमत

नई दिल्ली, मंगलवार (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की कार्यकारी परिषद के चुनाव में ‘अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद’ (एबीवीपी) को स्पष्ट बहुमत मिला है। भाजपा समर्थित छात्र संगठन ने 11 में से छह सीटों पर जीत दर्ज की है।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की कार्यकारी परिषद का चुनाव रविवार को संपन्न हुआ जिसमें कुल 11 में से छह पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। कुल 135 प्रतिनिधियों ने इस चुनाव में अपने मतों का प्रयोग किया, जिनमें 103 प्रतिनिधियों ने एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों पर अपनी पहली पसंद की मुहर लगाई।

दिल्ली विश्वविद्यालय और कॉलेज छात्रसंघ में जो अध्यक्ष और केंद्रीय पार्षद होते हैं, वे कार्यकारी पार्षदों को चुनते हैं। इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के केंद्रीय पैनल में उपाध्यक्ष और सचिव पद पर भी एबीवीपी ने बड़ी जीत दर्ज की थी।

डूसू की सचिव मित्रविंदा कर्णवाल ने सभी का आभार देते हुए कहा कि एबीवीपी और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के मुद्दों पर हमेशा से काम करता आ रहा है। आज सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों ने भी इस चुनाव में एबीवीपी को ही चुना एवं बहुमत दिया है। जैसे ही निर्वाचित सदस्य अपना पदभार ग्रहण करते हैं, हम और सक्रियता से छात्र हित में कार्य करेंगे।

एबीवीपी दिल्ली के प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि एबीवीपी छात्रों के मुद्दों पर सदैव सक्रिय है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के एबीवीपी पदाधिकारी छात्रों के विभिन्न मुद्दों पर पहले से ही काम शुरू कर चुके हैं। हॉस्टल, मेट्रो पास, कैंपस में बस की फ्री सेवा इन सब मुद्दों पर हम प्रशासन से सतत संवाद में बने हुए हैं। निश्चित ही एबीवीपी नेतृत्व से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारी परिषद से डूसू को अधिक शक्ति मिलेगी।

 SECR Recruitment 2026-रेलवे में निकली 1191 पदों पर बम्पर भर्ती! 10वीं पास युवाओं के लिए बिना परीक्षा नौकरी का सबसे बड़ा मौका – अभी भरें फॉर्म!

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *