मुंबई के नालासोपारा में ड्रग्स के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार

मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व के ओमनगर इलाके में तुलिंज पुलिस को गुरुवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई। पुलिस ने नशे के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए 26 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए नाइजीरियाई नागरिक के पास से 402 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत 80 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी की पहचान इफेआनी इनोफर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

इससे पहले, मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 31 मार्च को मलाड इलाके से चार ड्रग्स सप्लायर को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी।

मुंबई पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ड्रग्स सप्लायर ओडिशा से मुंबई ड्रग्स लेकर पहुंचे थे, और जैसे ही पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली, पुलिस ने जाल बिछाकर इन सप्लायरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद, एंटी नारकोटिक्स सेल ने इन ड्रग्स सप्लायरों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि मुंबई पुलिस नशा और इसके तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इससे पहले 20 मार्च को मुंबई एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) के अधिकारियों ने एक ब्राजीलियाई नागरिक को गिरफ्तार किया था, जो अवैध रूप से कोकीन की तस्करी कर रहा था। बरामद की गई कोकीन का वजन 1,110 ग्राम था, बाजार में इसकी कीमत 11.1 करोड़ रुपये से अधिक थी। इस मामले में कोकीन को नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के तहत जब्त किया गया था और यात्री को भी इसी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।

नाम बदलने की राजनीति से जनता परेशान, असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है सरकार : वारिस पठान

–आईएएनएस

पीएसके/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *