आत्मशोधन का सशक्त माध्यम है पर्युषण महापर्व : उपासिका बोथरा

मीडिया हाउस न्यूज एजेंन्सी 13ता०बोकारो। परम पावन पूज्य गुरुदेव आचार्य महाश्रमणजी की महती कृपा से चास बोकारो में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को पर्युषण महापर्व उत्साहपूर्ण वातावरण में शुरू हुआ। नौदिवसीय इस महापर्व की शुरुआत खाद्य संयम दिवस से हुई। विशेष बात यह है कि इस वर्ष भी यहां प्रवचन कार्यक्रम के साथ पर्युषण महापर्व आयोजित किया जा रहा है। इस बार धर्म का अलख जगाने हेतु गुरुआज्ञा से उपासिका श्रीमती वीणा बोथरा एवं श्रीमती ममता बोथरा का आगमन हुआ है। उपासिकाद्वय के सानिध्य में माणकचन्दजी छालाणी के भवन में 12 से 20 सितंबर की अवधि में यह महापर्व आयोजित हो रहा है। इसके तहत प्रवचन सुबह में 9 से 10 बजे एवं संध्या में 8.30 से 9.30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन खाद्य संयम दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उपासिकाद्वय ने कहा कि नौ दिनों का यह महापर्व अपने-आप में आत्मशोधन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए कम खाने तथा जिह्वा पर संयम रखने की प्रेरणा दी। कहा कि अधिक आहार से उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घ जीवन और स्वर्ग, ये तीनों कामनाएं विनष्ट हो जाती हैं। हर व्यक्ति को एक सीमा में रहकर खाने का संयम रखना चाहिए। उन्होंने पर्यूषण आराधना की प्रत्येक नौ साधनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिदिन तीन सामायिक, एक-दो घंटा मौन, एक घंटा स्वाध्याय, नौ द्रव्यों से अधिक खाने का त्याग, ब्रह्मचर्य के पालन, सचित्त और जमीकंद खाने का त्याग, जप, ध्यान करने, रात्रि भोजन के परिहार, सिनेमा फिल्म आदि के परिहार का संदेश दिया। अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि जैसे बलवान पर धावा बोलने के लिए बल का संचय आवश्यक है, उसी प्रकार रागादि शत्रुओं के घात के लिए सात दिन आध्यात्मिक बल संग्रह को समझना चाहिए। यह पर्व मात्र जैन संस्कृति का ही नहीं, मानव संस्कृति का पर्व है। श्रावक को अपने जीवन में खाद्य और अन्य भोगोपभोग विषयक प्रवृत्तियों में मर्यादा निश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संयम से ही जीवन अनुशासित होता है। उपसिकाद्वय ने बताया कि भगवान महावीर ने चातुर्मास के 50 दिन बीतने पर और 70 दिन बाकी रहने पर पर्यूषण पर्व की आराधना की थी। ऐसा संभवायांग में उल्लेख है। पर्यूषण पर्व के दौरान 12 सितम्बर को खाद्य संयम दिवस के बाद 13 को स्वाध्याय दिवस, 14 को सामायिक दिवस, 15 सितंबर को वाणी संयम दिवस, 16 को अनुव्रत चेतना दिवस, 17 सितंबर को जप दिवस, 18 सितंबर को ध्यान दिवस, 19 को संवत्सरी महापर्व तथा 20 सितंबर को क्षमापना दिवस के साथ इस नौदिवसीय पर्व का समापन होगा। पहले दिन प्रवचन के अवसर पर जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष शांतिलाल लोढ़ा, मंत्री प्रकाश कोठारी, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष कनक जैन, मंत्री आरती पारख एवं तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष सिध्दार्थ चोरड़िया तथा गौरव लोढा सहित जयचंद, सुशील, राजू, अरिहंत, शशि, रेणु चौरड़िया, सरोज छलानी आदि उपस्थित थे। तेरापंथ समाज की तरफ से उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी सुरेश बोथरा ने दी।
Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे










