आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को रूपया 5 लाख तक निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा

मीडिया हाउस सोनभद्र – अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण आज पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन सोनभद्र में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं को संबोधित किया तथा नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र का वितरण किये।
राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय रूपया 8,000 से बढ़ाकर रूपया 12,000 तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय रूपया 4,000 से बढ़ाकर रूपया 6,000 किया गया है। इसके साथ ही उन्हें रूपया 5 लाख तक निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराने के घोषण किये है अब आगनबाड़ी कार्यकत्रियों की इलाज की सुविधा बेहतर होगी और उन्हें समस्याओं से जुझना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जा रहा है जिससें उनके कार्यों में तकनीकी दक्षता आएगी तथा विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर माननीय विधायक सदर भूपेश चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में की गई घोषणाएं उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने वाली हैं। मानदेय में वृद्धि से उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं कैशलेस उपचार की सुविधा से बीमारी की स्थिति में उपचार के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्मार्टफोन की सुविधा से उनके कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता भी बढ़ेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों की बेहतर देखभाल की जाए और उन्हें अपने बच्चों जैसा प्यार एवं स्नेह दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के लिए पोषाहार, टीकाकरण एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र बच्चों को इन सुविधाओं का समय से लाभ मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों को लगातार आधुनिक, सुविधायुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाओं को सुविधाएं एवं सम्मान प्रदान कर उन्हें और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण बच्चों एवं माताओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि, स्वास्थ्य सुविधा, स्मार्टफोन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री द्वारा नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं लाभर्थियों को बेबी किट किया गया। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को ध्यान में रखते हुए उनकी माताओं को सहजन के पौधे भी उपलब्ध कराए गए, ताकि परिवारों को पौष्टिक आहार के साथ स्वास्थ्यवर्धक खाद्य विकल्प उपलब्ध हो सकें। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने धन्वाद ज्ञापित किये, कार्यक्रम का सफल संचालन ऋचा ओझा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में माननीय विधायक घोरावल के प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।










