बच्चों की पढ़ाई, शिक्षक उपस्थिति, मिड-डे-मील, स्वच्छता एवं विद्यालय परिसर की होगी प्रभावी निगरानी

मीडिया हाउस सोनभद्र – जनपद के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, बच्चों को सुरक्षित एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा विद्यालयी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा तकनीक आधारित पहल की गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कम्पोजिट विद्यालय कनच, पेढ़ एवं धुरकरी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कक्षाओं में पठन-पाठन एवं शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति एवं समयबद्धता, बच्चों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय में अनुशासन की स्थिति की बेहतर निगरानी हो सकेगी। इससे विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।
इसके साथ ही मिड-डे-मील तैयार करने एवं वितरण की व्यवस्था, भोजन की स्वच्छता, विद्यालय परिसर एवं रसोईघर की साफ-सफाई, बच्चों की सुरक्षा, विद्यालय में बाहरी व्यक्तियों के आवागमन तथा विद्यालय की परिसंपत्तियों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा सकेगी।
विशेष रूप से बच्चों के विद्यालय आने से लेकर छुट्टी होने तक परिसर की गतिविधियों की निगरानी से उनकी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। किसी आकस्मिक घटना अथवा अव्यवस्था की स्थिति में वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई करने में भी सीसीटीवी व्यवस्था सहायक होगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की इस पहल का उद्देश्य केवल निगरानी करना नहीं, बल्कि तकनीक के बेहतर उपयोग से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, स्वच्छता, अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और मजबूत करना है।










