सीएम नायब सिंह सैनी ने कृषि वैज्ञानिकों-किसानों के साथ की चर्चा, एग्री टूरिज्म सेंटर फेस-2 का उद्घाटन

हिसार, 9 जनवरी (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में प्री बजट पर विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने बागवानी क्षेत्र से जुड़े एफपीओ (फार्मर्स प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) से संबंधित किसानों से भी चर्चा की और उनके सुझावों को सुना।

इस दौरान उन्होंने एग्री टूरिज्म सेंटर फेस-2 का उद्घाटन भी किया। इस केंद्र का उद्देश्य कृषि पर्यटन को बढ़ावा देना और किसानों को उनके पारंपरिक तरीकों के बारे में अवगत कराना है। इस सेंटर में पूर्वजों के द्वारा किए गए कृषि कार्यों और उनके पारंपरिक तरीकों को दर्शाया गया है, जिससे युवा पीढ़ी को अपने कृषि इतिहास से जुड़ने का मौका मिलेगा। एग्री टूरिज्म सेंटर पर 5 करोड़ रुपये की लागत आई है और यह राज्य के कृषि क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री रणबीर गंगवा, जनस्वास्थ्य मंत्री रणधीर पनिहार और विधायक विनोद भ्याणा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने पोषण उत्सव कार्यक्रम के दौरान किसानों, एफपीओ और कृषि वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की आवश्यकता है कि हम अपने भोजन को पोषण आधारित बनाएं। बच्चों और महिलाओं में रक्त की कमी की समस्या बढ़ रही है, इसके लिए हमें अपने भोजन की गुणवत्ता में सुधार करना होगा। फास्ट फूड की जगह हमें सात्विक भोजन की ओर बढ़ना चाहिए और मोटे अनाजों को अपने आहार में शामिल करना चाहिए। मोटे अनाज से न केवल स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि यह हमारे पारंपरिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा।

पीएम मोदी की यात्रा के दौरान कुवैत के साथ रक्षा, संस्कृति, खेल समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए समझौते

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा बड़े अंतर से सरकार बनाएगी। अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए काम किया है, लेकिन दिल्लीवासियों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा दिल्ली की जनता के विश्वास को जीतने में सफल रहेगी, आगामी चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मौके पर पोषण उत्सव पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का उद्देश्य आमजन को पोषण के महत्व के बारे में जागरूक करना है, ताकि लोग अपने आहार के चयन में अधिक सचेत रहें और अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रखें।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *