पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ एक-दूजे के हुए दिवा और जीत अदाणी

अहमदाबाद, 7 फरवरी (आईएएनएस)। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के छोटे बेटे जीत और सूरत के मशहूर हीरा कारोबारी जैमिन शाह की बेटी दिवा शुक्रवार को एक छोटे निजी समारोह में विवाह बंधन में बंध गए।

गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नवविवाहित जोड़े की तस्वीर शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, “परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। यह विवाह आज अहमदाबाद में प्रियजनों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों और शुभ मंगल भाव के साथ संपन्न हुआ।”

इस मौके पर सिर्फ दोनों परिवार के रिश्तेदार और कुछ बेहद करीबी पारिवारिक मित्र मौजूद थे।

अरबपति कारोबारी ने बताया कि यह “एक छोटा और अत्यंत निजी” समारोह था और इसलिए वह सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके।

गौतम अदाणी ने पोस्ट में दिवा को “बेटी” कहा है। उन्होंने लिखा, “मैं आप सभी से बेटी दिवा और जीत के लिए स्नेह और आशीष का हृदय से आकांक्षी हूं।”

तस्वीर में गुलाब की पंखुड़ियों से पटे स्टेज पर पारंपरिक वैवाहिक जोड़े में जीत और दिवा बेहद खूबसूरत दिख रहे हैं।

इस मौके पर गौतम अदाणी ने 10,000 करोड़ रुपये का दान दिया है। इसका ज्यादातर हिस्सा स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर खर्च होगा ताकि ये समाज के हर वर्ग के लिए सुलभ हों। इसके तहत विश्व स्तरीय अस्पताल, 12वीं तक के स्कूल और एडवांस वैश्विक कौशल वाले संस्थान बनाए जाएंगे।

जीत अदाणी वर्तमान में देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के निदेशक हैं। कंपनी देश के आठ हवाई अड्डों के प्रबंधन एवं विकास से जुड़ी है। जीत हवाई अड्डा कारोबार के अलावा अदाणी समूह के डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और कॉपर कारोबार का काम भी देख रहे हैं। वह समूह के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के प्रभारी भी हैं।

नवागत एसपी प्राची सिंह के सामने अपराध नियंत्रण बड़ी चुनौती

गौतम अदाणी ने 21 जनवरी को महाकुंभ में घोषणा की थी कि जीत का शादी का समारोह बेहद छोटा और निजी होगा।

शादी से दो दिन पहले जीत अदाणी ने ‘मंगल सेवा’ की शुरुआत की। इसके तहत उन्होंने हर साल 500 दिव्यांग महिलाओं की शादी में 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का संकल्प लिया है। अपने घर पर 5 फरवरी को 21 नवविवाहित दिव्यांग महिलाओं और उनके पतियों के साथ इसकी शुरुआत करते हुए उन्होंने इन जोड़ों को 10-10 लाख रुपये के चेक प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया।

–आईएएनएस

एकेजे/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *