उत्तर प्रदेश को ‘स्किल हब’ बनाने की दिशा में गोरखपुर

मीडिया हाउस लखनऊ – प्रदेश के युवाओं को आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर बनाने तथा उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी ‘स्किल हब’ के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार, 12 मई 2026 को गोरखपुर में एक महत्वपूर्ण ‘संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गोरखपुर, बस्ती एवं अयोध्या मंडल के निजी आईटीआई संचालक, प्रशिक्षण प्रदाता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी सहभागिता करेंगे।

गोरखनाथ रोड स्थित रमाडा होटल गोरखपुर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम में विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, मिशन निदेशक पुलकित खरे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की दो प्रमुख योजनाओं ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ और ‘एसएसडीएफ (स्टेट स्किल डेवलपमेंट फंड)’ पर विशेष चर्चा की जाएगी। एसएसडीएफ योजना के अंतर्गत प्रदेश के चार लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत वर्ष 2022 से अब तक प्रदेश के 1700 से अधिक विद्यालयों के ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान की जा चुकी है।

कार्यक्रम में यह भी साझा किया जाएगा कि हाल ही में कक्षा 9 से 12 तक ‘AI for All’ को अनिवार्य किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं नई तकनीकों से जोड़कर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके। इसके साथ ही प्रदेश के 18 अटल आवासीय विद्यालयों में भी ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ की शुरुआत की गई है, जहां लगभग साढ़े तीन हजार प्रतिभावान विद्यार्थियों को आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और हेल्थकेयर जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 श्रेणियों की 30 महिलाओं को मिला नव देवी सम्मान

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हुए उसे उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। संवाद कार्यक्रम के दौरान अयोध्या, बस्ती और गोरखपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 12 जनपदों के राजकीय एवं निजी आईटीआई संस्थानों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों तथा प्रशिक्षण प्रदाताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षण की गुणवत्ता, संस्थानों के आधारभूत ढांचे, तकनीकी संसाधनों, रोजगारपरक प्रशिक्षण तथा युवाओं के बेहतर सेवायोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम में उन प्रशिक्षार्थियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। माननीय मंत्री द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ होगा। इसके पश्चात मिशन की उपलब्धियों पर आधारित विभागीय फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम विभागीय योजनाओं और कौशल विकास के रोडमैप पर अपने विचार रखेंगे, जबकि दोपहर 1:20 बजे माननीय मंत्री श्री कपिल देव अग्रवाल युवाओं के कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के विजन पर संबोधन देंगे।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का यह संवाद कार्यक्रम उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा आधुनिक कौशल से लैस होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सके तथा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने में सहभागी बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *