आईएमए लखनऊ के वार्षिक समारोह में उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों के योगदान को सराहा, लगभग 90 चिकित्सक सम्मानित

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी लखनऊ-उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य, सुरक्षा और जीवन की रक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी संवेदनशीलता, सेवा भावना, समर्पण और विशेषज्ञता स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा और जरूरतमंदों के जीवन में आशा का संचार करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का दायित्व है कि वे आधुनिक चिकित्सा ज्ञान, मानवीय संवेदना और सेवा भाव के समन्वय से प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में योगदान दें।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बीमारियों की समय पर पहचान, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण एवं जरूरतमंद आबादी तक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में चिकित्सक संगठनों की भूमिका विशेष महत्व रखती है। आईएमए जैसे संगठन चिकित्सा जगत में ज्ञान के आदान-प्रदान, नवीन चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता और चिकित्सकों के बीच समन्वय को मजबूत करने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी उल्लेखनीय योगदान देते हैं। उन्होंने सम्मानित चिकित्सकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी चिकित्सा सेवा, जनकल्याण और समाज के प्रति अपने दायित्वों का इसी समर्पण के साथ निर्वहन करते रहेंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लखनऊ उत्तर के विधायक एवं आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

खनिजों का अभिशाप-फ्लोराइड का कहर, सोनभद्र के गांवों में धीमा जहर, हजारों जिंदगियां दांव पर,

समारोह में चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इनमें आठ चिकित्सकों को विभिन्न श्रेणियों में विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए गए। आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वर्षभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि संगठन ने चिकित्सा शिक्षा, जनस्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक सेवा और चिकित्सकों के कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता दी।

उन्होंने बताया कि सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों, विशेषज्ञ व्याख्यानों और कार्यशालाओं के माध्यम से चिकित्सकों के ज्ञान एवं कौशल को बढ़ाने के प्रयास किए गए। ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों, कैंसर एवं अन्य बीमारियों के प्रति जागरूकता कार्यक्रमों, सीपीआर प्रशिक्षण, रक्तदान और सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया।

चिकित्सकों के स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा आईएमए भवन में जिम्नेजियम की स्थापना की गई। चिकित्सकों की समस्याओं को संबंधित मंचों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के प्रयास भी किए गए। डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने इन उपलब्धियों का श्रेय आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, कार्यकारिणी, वरिष्ठ चिकित्सकों और सभी सहयोगी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने आईएमए लखनऊ की शैक्षणिक, सामाजिक और सदस्य कल्याण संबंधी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने चिकित्सकों की एकजुटता, निरंतर सीखने की भावना और समाज के प्रति संवेदनशीलता को संगठन की प्रमुख ताकत बताया तथा अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव एवं उनकी टीम को बधाई दी।

कानपुर रोड स्थित खनिज बैरियर पर डीएम और एसपी का औचक निरीक्षण, अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती के निर्देश

समारोह में डॉ. अर्चिका गुप्ता को डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल, डॉ. नीरज टंडन को कैंसर के क्षेत्र में कार्य के लिए श्री हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड, डॉ. राकेश श्रीवास्तव को प्रबोध कुमार मजूमदार मेमोरियल बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड, डॉ. संजय श्रीवास्तव को डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड, डॉ. सीमा मेहरोत्रा को आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड, डॉ. शिप्रा नाथ को बेस्ट आईएमए मेंबर ऑफ द ईयर अवॉर्ड, डॉ. सुधा सिंह को पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर अवॉर्ड तथा डॉ. वंदना सोलंकी को बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के उपरांत गीत-संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। डांडिया एवं गरबा में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने वार्षिक समारोह को चिकित्सक परिवार के आपसी संबंधों को मजबूत करने और संगठनात्मक एकजुटता बढ़ाने का अवसर बताया। उन्होंने मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज बोरा तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *