मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट

मीडिया हाउस सोनभद्र – आगामी मोहर्रम पर्व दिनांक 26 जून 2026 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी (धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ पर्व मनाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व पूरी श्रद्धा, अनुशासन एवं कानून व्यवस्था के दायरे में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि ताजिया की ऊँचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी तथा किसी भी स्थिति में पेड़ों की डालियों की छंटाई नहीं की जाएगी। नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी तथा पूर्व से चिन्हित कर्बला स्थलों पर ही ताजिया दफन किए जाएंगे। किसी भी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन अथवा प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित की जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी प्रशासन एवं पुलिस को दें।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि में डीजे बजता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर लटक रहे अथवा ढीले विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही सभी उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। थाना प्रभारियों को भी अपने क्षेत्रों में पूर्व से पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) बागीश कुमार शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










