पंजाबी के बाद अब भोजपुरी में भी "आप" ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन सॉन्ग किया लॉन्च

नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पंजाबी भाषा के बाद अब भोजपुरी भाषा में एक नया कैंपेन सॉन्ग लॉन्च किया है। पार्टी ने दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों को ध्यान में रखकर इस नए गीत को लॉन्च किया है। इस गीत का बोल “ए राजा जी, फिर से केजरीवाल के जरूरत… आइल बा मुहुरत हो” है।

भोजपुरी कैंपेन गीत को लॉन्च कर “आप” के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह गाना ‘आप’ की विविधता की सोच को दर्शाता है कि हम सभी भाषा, वर्ग, धर्म और जाति का सम्मान करते हैं। वहीं, विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि इस गीत में पूर्वांचल की मिट्टी की गंध है। यह गीत पूर्वांचल समाज के लोगों के दिलों तक पहुंचेगा और उन्हें “आप” से और भी मजबूती से जोड़ेगा।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि हम दिल्ली के अंदर चुनाव प्रचार में ‘फिर लाएंगे केजरीवाल’ कैंपेन गाने के बाद भोजपुरी भाषा में भी कैंपेन गीत लॉन्च कर रहे हैं। इस गाने को हिंदी जानने वाले सभी लोग अच्छी तरह समझ सकते हैं। हम इस गाने को दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए इस्तेमाल करेंगे। यह गाना आम आदमी पार्टी की विविधता की सोच को भी दर्शाता है कि हम सभी भाषा, वर्ग, धर्म और जाति का सम्मान करते हैं। इसलिए हमारा चुनाव प्रचार भी विविध तरीके से लोगों के बीच पहुंचेगा।

वहीं, इस मौके पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप पांडे ने कहा कि यह गीत पूर्वांचल की मिट्टी की गंध लेकर आता है। हम पूरब की मिट्टी से संबंध रखने वाले लोग इस लोक धुन से परिचित भी हैं। यह सोहर लोक धुन है। सोहर लोक धुन के गीतों की परंपरा सदियों पुरानी है। पूरब के अंचल, उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके, बिहार और झारखंंड में बहुत सारे सोहर लोकगीत मिल जाएंगे। जिसमें भगवान राम के जन्म, भगवान कृष्ण के जन्म की कहानी होती है। सोहर नई शुरुआत का जश्न मनाता है। यह गीत जीवन की उत्पत्ति के उत्सव को मनाने वाला है। यह गीत हमें हमारी मिट्टी, लोक धुन और परंपराओं के करीब लाता है।

इजरायल की लेबनान में एयर स्ट्राइक, हमास के सैन्य अधिकारी की मौत

दिलीप पांडे ने कहा कि इस गीत को रचने वाले आम आदमी पार्टी के शुभचिंतक व समर्थक हैं। इसमें शहीद, सुशांत, सोनल और सागर शामिल हैं, जिन्होंने इस गीत को रचा है। हम उम्मीद करते हैं कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में यह गीत पूरब के लोगों के दिल के करीब जाकर दिल्ली की सरकार की उपलब्धियों को बताएगा और दिल्ली की आगामी सरकार के वादों का भी जिक्र करेगा। यह गीत लोगों को अरविंद केजरीवाल के नाम के विश्वास से भी जोड़े रखेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि दिल्ली में फिर से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनें।

–आईएएनएस

पीकेटी/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *