ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन : लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में हारे

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। भारत के लक्ष्य सेन शुक्रवार को इंग्लैंड के बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 के क्वार्टर फाइनल में 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता चीन के ली शिफेंग से सीधे गेम्स में हारकर बाहर हो गए।

पिछले दौर में डिफेंडिंग चैंपियन इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी के खिलाफ पुरुष एकल में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले 23 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी शिफेंग के खिलाफ उस फॉर्म को दोहराने में संघर्ष करते दिखे। दुनिया में 15वें नंबर के खिलाड़ी सेन को 45 मिनट तक चले मुकाबले में 10-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। चीनी खिलाड़ी ने शुरू से ही बेहतरीन नियंत्रण और आक्रामकता दिखाई।

पहला गेम एकतरफा रहा, जिसमें शिफेंग ने शुरुआती बढ़त हासिल की और फिर लगातार नौ अंक लेकर 21-10 से गेम अपने नाम किया।

हालांकि, दूसरे गेम में सेन ने अपनी लय हासिल कर ली और वापसी करते हुए इंटरवल पर 11-9 की बढ़त बना ली। उनके बेहतर शॉट प्लेसमेंट और नेट प्ले ने कुछ समय के लिए शिफेंग पर दबाव बनाया, लेकिन चीनी शटलर ने जल्दी ही अपना संयम वापस पा लिया, और दूसरा गेम 21-16 से जीतकर मैच अपने नाम किया।

इस हार के साथ बर्मिंघम में भारत का एकल अभियान समाप्त हो गया और अब देश की उम्मीदें ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी पर टिकी हैं, जिन्हें शुक्रवार को ही क्वार्टर फाइनल मैच खेलना है।

लक्ष्य सेन ने शिफेंग के खिलाफ निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष किया, जिससे उनके प्रतिद्वंद्वी ने मैच के बड़े हिस्से में नियंत्रण अपने पास रखा। सेन लगातार दूसरी बार ऑल-इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में पहुंचे हैं। इससे पहले वह 2024 में भी यहां तक पहुंचे थे।

टॉयलेट मैन ऑफ इंडिया: जानिए बिंदेश्वर पाठक ने कैसे जातिगत बंधन तोड़कर शुरू की शौचालय सुविधाएं

दूसरी ओर महिला एकल स्पर्धा में मालविका बंसोड़ प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गईं। उन्हें दो बार की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची से सीधे गेम्स में हार का सामना करना पड़ा। दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी यामागुची ने मालविका को मात्र 33 मिनट में 21-16, 21-13 से हराकर आसान जीत दर्ज की।

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *