सोनभद्र पुलिस द्वारा रॉंग साइड ड्राइविंग रोकने हेतु चलाया गया जागरूकता अभियान

मीडिया हाउस सोनभद्र – पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ0 चारू द्विवेदी के नेतृत्व में थाना चोपन क्षेत्रान्तर्गत चोपन कस्बा में यातायात जागरूकता “सेल्फी स्टेशन/फोटो बूथ” स्थापित कर आमजन को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान “Wrong Side Driving Champion”, “गलत साइड = हादसे की फास्ट ट्रैक टिकट”, “भइया, सड़क शॉर्टकट नहीं होती”, “गलत दिशा में गाड़ी, सही दिशा में शर्मिंदगी”, “मेरी जल्दी किसी की जिंदगी से बड़ी नहीं”, “जिंदगी फिल्म नहीं है, रीटेक नहीं मिलेगा”, “आज सेल्फी मिल रही है, कल एम्बुलेंस भी मिल सकती है” तथा“आ जाइए, गलत साइड वालों के लिये वीआईपी एंट्री खुली है” जैसे प्रभावशाली जागरूकता संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों एवं राहगीरों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आमजन द्वारा सेल्फी लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश प्रसारित किया गया तथा रॉंग साइड ड्राइविंग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन चालकों को सही दिशा में वाहन चलाने, हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल एवं पानी देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार द्वारा भी आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट लगाने तथा रॉंग साइड ड्राइविंग न करने के संबंध में जागरूक किया गया। यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह सहित यातायात पुलिस के अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
सोनभद्र पुलिस द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगे भी जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।










