बांग्लादेश : मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने भारतीय उच्चायोग जाकर डॉ. मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

ढाका, 31 दिसंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. सिंह का 26 दिसंबर को 92 वर्ष की आयु में नई दिल्ली में निधन हुआ।

प्रोफेसर यूनुस ने ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग का दौरा किया और दिवंगत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उच्चायोग में शोक पुस्तिका में एक शोक संदेश भी लिखा।

भारतीय उच्चायुक्त प्रणय कुमार वर्मा ने सुबह 11:30 बजे बारीधारा स्थित उच्चायोग में मुख्य सलाहकार की मेजबानी की।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रोफेसर यूनुस ने उच्चायुक्त से संक्षिप्त बातचीत की और अपने पुराने मित्र मनमोहन सिंह के साथ अपनी यादें साझा कीं। उन्होंने दिवंगत भारतीय प्रधानमंत्री के साथ अपनी दोस्ती को याद करते हुए कहा, ‘वह कितने सरल थे! कितने बुद्धिमान थे!’ उन्होंने यह भी कहा कि सिंह ने भारत को वैश्विक आर्थिक दिग्गज बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।

इससे पहले शुक्रवार को अपने संदेश में मुख्य सलाहकार ने डॉ. सिंह को अत्यंत विनम्र व्यक्ति, दूरदर्शी नेता और एक राजनेता बताया, जो भारत के लोगों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे।

मुख्य सलाहकार ने कहा कि दिवंगत प्रधानमंत्री को भारत के आर्थिक परिवर्तन में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा।

प्रोफेसर यूनुस ने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व ने न केवल भारत के भविष्य को आकार दिया, बल्कि बांग्लादेश और भारत के बीच मैत्री और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग के बंधन को मजबूत करने में भी योगदान दिया।

सनातन की दिव्यता से देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी हुई प्रकाशमान

क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में डॉ. मनमोहन सिंह की भूमिका का उल्लेख करते हुए मुख्य सलाहकार ने दिवंगत नेता के नजरिए और क्षेत्रीय शांति, समृद्धि , दक्षिण एशियाई सहयोग को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

प्रोफेसर यूनुस ने दक्षिण एशियाई देशों से डॉ सिंह के विचारों की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।

–आईएएनएस

एमके/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *