बंगाल भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने वक्फ बिल, नौकरी घोटाला, रामनवमी पर राज्यपाल के निर्देशों पर की टिप्पणी

कोलकाता, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से एक विशेष बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लोकसभा में पारित वक्फ (संशोधन) विधेयक, राज्य में 25,753 नौकरियों के रद्द होने और रामनवमी के दौरान शांति बनाए रखने के राज्यपाल के निर्देशों पर भी अपनी बातें रखीं।

अग्निमित्रा पॉल ने वक्फ संपत्तियों के संबंध में लोकसभा में पारित वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि संविधान से ऊपर कोई भी नहीं है, न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, न मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, और न ही कोई अन्य। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि देश का विभाजन 1947 में धर्म के आधार पर हुआ था, जब मुसलमान पाकिस्तान गए और हिन्दू भारत में रह गए। अब वक्फ संपत्ति के मुद्दे पर, हम संविधान के दायरे में हैं और किसी को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी संपत्ति को वक्फ संपत्ति घोषित कर दे। उन्होंने कहा कि इस विधेयक का समर्थन राष्ट्रवादी मुसलमान कर रहे हैं और यह देश के अच्छे भविष्य के लिए जरूरी है।

कांग्रेस के खिलाफ निशाना साधते हुए उन्होंने कानून में पहले किए गए संशोधनों की आलोचना की।

भाजपा विधायक ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में हो रहे बड़े भ्रष्टाचार के लिए वह जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने राज्य में लाखों नौकरियों को रद्द किया और इसके पीछे घोटाला हुआ। यह पूरा भ्रष्टाचार तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के एजेंटों द्वारा किया गया था, जहां घूस देकर नौकरियां दी जा रही थीं। राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, जो अब जेल में हैं, ने घूस लेकर नौकरियां दीं।

अब तक 90 लाख मीट्रिक टन से अधिक हुआ गेहूँ का उपार्जन : खाद्य मंत्री राजपूत

ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए पॉल ने कहा कि उन्हें इस बड़े घोटाले का पता कैसे नहीं था, जबकि यह घोटाला पूरी सरकार के साथ मिलकर किया गया था। भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री से इस घोटाले में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

अग्निमित्रा पॉल ने राज्यपाल द्वारा रामनवमी के दौरान शांति बनाए रखने के निर्देशों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने जो कहा है, वह तो होना ही चाहिए। शांतिपूर्ण तरीके से रामनवमी मनाई जानी चाहिए। लेकिन, जिस तरह से ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं, जिस तरह से मंदिर में तोड़फोड़ की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है, वह निंदनीय है। वह इस पर राजनीति कर रही हैं।

पॉल ने कहा कि सीएम ममता और उनकी पार्टी रामनवमी के दिन कोई न कोई झमेला खड़ा कर सकती हैं और दंगा करने की कोशिश करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मंदिरों में पूजा करने से रोक रही है और दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए और पूरे राज्य में शांति और सौहार्द्र बनाए रखना चाहिए।

–आईएएनएस

पीएसके/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *