विनेश मामले पर राजनीति कर रहे हैं भूपेंद्र सिंह हुड्डा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

पानीपत , 11 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि हुड्डा विनेश फोगाट के मामले में राजनीति कर रहे हैं।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रावण मास में ‘एक पेड़ मां के नाम योजना’ की शुरुआत की थी। हरियाणा में भी इस योजना के तहत पेड़ लगाने का काम जारी है। रविवार को पानीपत में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत निरंकारी अनुयायियों के साथ 20,000 पेड़ लगाकर रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ उनकी देखभाल करना भी बेहद जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा से पहले कांग्रेस की सरकार थी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने कभी लोगों की ओर ध्यान नहीं दिया। हुड्डा राज में प्रदेश की जनता विकास से वंचित रही। लोगों को प्रताड़ित किया जाता था। लोग हुड्डा के शासनकाल को नहीं भूले हैं। प्रदेश की जनता आने वाले समय में उनको सबक सिखाने का काम करेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “विनेश फोगाट पर हमें गर्व है। वह हरियाणा की बेटी हैं, जिसने पूरी दुनिया में भारत का नाम ऊंचा किया है। हम उनके साथ हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस मामले पर राजनीति कर रहे हैं। वह कह कह रहे हैं कि विनेश को राज्यसभा भेजना चाहिए। मैं उनको कहना चाहता हूं कि पहले भी देश में गोल्ड मेडल आए हैं, तब तो वो सत्ता में थे। उस समय उन्होंने विजेता खिलाड़ी को राज्यसभा भेजने की बात क्यों नहीं की थी?”

जाने कहां गए वो दिन : 'श्री 420' से शोमैन तक, एक अदाकार का दमदार सफर

आगामी विधानसभा चुनाव पर सीएम सैनी ने कहा, “जो भी घोषणाएं हो रही है, वह जनता के हित में की जा रही है। भाजपा प्रदेश के हित के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश की जनता के लिए मेरे दरवाजे 24 घंटे के लिए खुले हैं। मैं 24 घंटे जनता की समस्याएं सुनता हूं। प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मुझे खुशी है कि पीएम मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधान सेवक के रूप में शपथ ली है।”

–आईएएनएस

एसएम/एएस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *