सोनभद्र को ऊर्जा हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

मीडिया हाउस सोनभद्र – ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल तेज हो गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज बैजनाथ क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीनको ग्रुप की महत्वाकांक्षी पी0एस0पी0 (पंप्ड स्टोरेज पावर) परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। करीब 17 हजार 181 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस मेगा परियोजना के माध्यम से लगभग 3660 मेगावाट विद्युत उत्पादन किया जाएगा। यह परियोजना प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना क्षेत्र में आने वाले गांव बैजनाथ, गुडूर, महुना, पिंडारी, रानीडीह एवं कुम्हारवार से संबंधित भूमि, वन क्षेत्र एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वन एवं राजस्व विभाग से संबंधित भूमि समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा विस्तृत रिपोर्ट आगामी दो से तीन कार्य दिवसों में प्राप्त हो जाएगी। रिपोर्ट प्राप्त होते ही परियोजना निर्माण का कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में तेजी से कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि यह परियोजना जनपद सोनभद्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। परियोजना के निर्माण से बड़े स्तर पर स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। अनुमानित रूप से लगभग तीन हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन जनपद में निवेश को बढ़ावा देने तथा विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी परियोजनाएं न केवल ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाती हैं बल्कि स्थानीय आधारभूत संरचना, व्यापारिक गतिविधियों एवं सामाजिक विकास को भी नई दिशा देती हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा विभागीय समन्वय बनाकर लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोनभद्र पहले से ही ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में देश में अपनी विशेष पहचान रखता है और ग्रीनको ग्रुप की यह परियोजना जनपद को ऊर्जा क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाएगी। इससे भविष्य में निवेश एवं औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला सहित वन विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।










