झारखंड की स्थापना के रजत जयंती वर्ष में बनेगी सुशासन और विकास वाली भाजपा सरकार : राजनाथ सिंह

धनबाद, 26 सितंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया है कि 15 नवंबर के बाद जब झारखंड की स्थापना का रजत जयंती वर्ष शुरू होगा, तब राज्य में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई में विकास, सुशासन और राजनीतिक स्थिरता देने वाली नई सरकार आकार लेगी।

गुरुवार को धनबाद में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा रैली’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता लगातार दो टर्म यानी दस साल तक झारखंड में हमारी सरकार बना दे तो हम इसे देश के सबसे विकसित प्रदेशों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर देंगे। राजनाथ सिंह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद को झारखंड के विकास की राह में तीन सबसे बड़ा स्पीड ब्रेकर बताते हुए लोगों से इन्हें उखाड़ फेंकने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार लोकलाज और मर्यादा से चलती है, लेकिन झारखंड में हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के मामले में जेल यात्रा करने के बाद भी ऐसे घूम रहे हैं, जैसे उन्होंने राज्य के लिए कोई बड़ी कुर्बानी दी हो। इस सरकार ने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बनाए हैं। इसी राज्य में भाजपा के तीन सीएम बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास ने सरकार चलाई, लेकिन उनके दामन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा। कोई भी भाजपा और मौजूदा सरकार के कार्यकाल की तुलना कर ले, फर्क साफ समझ आ जाएगा।

रक्षा मंत्री ने वादा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के तीन साल के भीतर सभी गरीबों के पास अपना पक्का मकान होगा। राज्य के एक-एक जिले में मेडिकल कॉलेज होगा। हम केवल सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते, बल्कि व्यवस्था में बदलाव का संकल्प लेकर आगे बढ़ते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने झारखंड को अलग राज्य बनाया था, लेकिन इसके विकास की जो हसरतें थी, वह पूरी नहीं हुईं। भाजपा ही है, जो यहां की गरीबी और पिछड़ापन दूर कर इसे विकसित राज्य बना सकती है।

विजयादशमी पर्व की प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 के पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों पर कोई गौर नहीं करता था, लेकिन आज जब भारत उन मंचों पर बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। हमारी सरकार बनने के पहले अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में हमारा देश 11वें नंबर पर था, जो आठ वर्षों के अंदर पांचवें स्थान पर आकर खड़ा हो गया। वर्ष 2027 तक भारत दुनिया में अमेरिका और चीन के बाद सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में हाल में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर लिए गए निर्णय को ऐतिहासिक बताते हए राजनाथ सिंह ने कहा कि इस नई व्यवस्था से देश की जनता की गाढ़ी कमाई के साढ़े चार लाख करोड़ रुपए बचेंगे। केवल चुनावों में हमारा देश साढ़े सात लाख करोड़ रुपए खर्च कर देता है और सालों भर देश के किसी न किसी हिस्से में कोई चुनाव चलते रहने से विकास के कार्य बाधित होते हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *