एक सितंबर से भाजपा का 'सदस्यता अभियान', 10 करोड़ से अधिक लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य : संबित पात्रा

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नई दिल्ली में शनिवार को हुए पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में भाजपा ने ‘राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ की पूरी रूपरेखा तय कर दी है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सदस्यता अभियान की सह संयोजक रेखा वर्मा के साथ पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ‘राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ की पूरी जानकारी दी।

संबित पात्रा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी के ‘राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ को लेकर शनिवार की बैठक में सघन चिंतन हुआ। एक सितंबर से पार्टी का ‘राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ आरंभ होने वाला है। पार्टी का लक्ष्य 10 करोड़ से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाना है। जिन राज्यों को चुनाव में जाना है या जिन राज्यों में चुनाव की घोषणा हो गई है, उन राज्यों में यह सदस्यता अभियान बाद में चलाया जाएगा। जिससे पार्टी की कुल सदस्यता में बाद में और ज्यादा इजाफा होगा।

अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल में 2014-15 में 11 करोड़ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। वर्ष 2019 में एक कालखंड में चले ‘सदस्यता अभियान’ में 7 करोड़ लोग शामिल हुए थे, यानी 2019 तक लगभग 18 करोड़ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। यह अभियान चार तरीकों ‘मिस्ड कॉल’, ‘क्यूआर कोड’, ‘नमो एप’ और ‘भाजपा की वेबसाइट’ के जरिए चलाया जाएगा। इन चारों में से किसी भी तरीके का इस्तेमाल कर देश का कोई भी व्यक्ति भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकता है। सदस्यता अभियान के लिए फॉर्म का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

देश में किस तरह लाए गए घुसपैठिए, यह किसी से छिपा नहीं है : प्रियंका कक्कड़

दो चरणों में यह पूरी प्रक्रिया होगी और यह ‘संगठन पर्व’ सितंबर-अक्टूबर में पूरा हो जाएगा। पार्टी अपने ‘प्राथमिक राष्ट्रीय सदस्यता’ अभियान को दो चरणों मे चलाएगी। पहले चरण के तहत 1 से 25 सितंबर तक और दूसरे चरण के तहत 1 से 15 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद पार्टी 16 से 31 अक्टूबर के बीच ‘सक्रिय सदस्यता अभियान’ चलाएगी और 1 से 10 नवंबर तक प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों की सदस्यता का रजिस्टर तैयार किया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिस दिन पहला मिस्ड कॉल किया जाएगा, उस दिन पार्टी मंच से वह मिस्ड कॉल नंबर जारी करेगी।

सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं ‘मिस्ड कॉल अभियान’ की शुरुआत करते हुए अपनी पार्टी सदस्यता को रिन्यू करेंगे।

बता दें कि ‘राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ को लेकर पार्टी ने अपने महत्वपूर्ण नेताओं को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को राजस्थान, मध्य प्रदेश, गोवा, दमन और दीव एवं दादरा और नगर हवेली के सदस्यता अभियान का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा को दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, लद्दाख और चंडीगढ़ के सदस्यता अभियान का प्रभारी बनाया गया है।

दुष्यंत गौतम को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा एवं ओडिशा, डी. पुरंदेश्वरी को तमिलनाडु, केरल एवं पुडुचेरी, ऋतुराज सिन्हा को उत्तर प्रदेश एवं गुजरात, अतुल गर्ग को बिहार एवं उत्तराखंड, अरविंद मेनन को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार एवं लक्षद्वीप, राजदीप रॉय को अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम एवं नागालैंड और विजया राहटकर को छत्तीसगढ़ एवं कर्नाटक के सदस्यता अभियान का प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा सांसद उमेश नाथ ने कहा, 'गौमाता पूरे विश्व की माता है'

पार्टी ने इसके साथ ही अपने सभी मोर्चों को भी सदस्यता अभियान चलाने की जिम्मेदारी देते हुए प्रभारी भी नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी के युवा मोर्चा द्वारा चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान का प्रभारी ऋतुराज सिन्हा को नियुक्त किया गया है। वहीं, रेखा वर्मा को महिला मोर्चा, अतुल गर्ग को किसान मोर्चा, विनोद तावड़े को ओबीसी, अरविंद मेनन को एससी, राजदीप रॉय को एसटी और दुष्यंत गौतम को अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यता अभियान का प्रभारी बनाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस जहां एक बार सत्ता में आ जाती है, वहां दोबारा सत्ता में नहीं आती है। लेकिन, भाजपा जहा-जहां भी सत्ता में आ जाती है, वहां से जाती नहीं है।

उन्होंने भाजपा की मजबूती का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि भाजपा को अगले 35 वर्षों तक कोई हिला नहीं सकता है। पार्टी संगठन और जड़ इतनी मजबूत है कि भाजपा कम से कम अगले 25 वर्षों तक मजबूती के साथ सत्ता में रहेगी।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *