बिहार के बांका में दिव्यांग दंपति की पीट-पीटकर हत्या

बांका, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने घर में सो रहे दिव्यांग बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को दोनों शवों को बरामद किया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया जमीन को लेकर हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद बुधवार को खपरा गांव के एक झोपड़ीनुमा घर से बुजुर्ग दंपति का शव बरामद किया गया। मृतकों की पहचान अनिरुद्ध यादव (70 ) एवं उनकी पत्नी चौरसिया देवी (65) के रूप में की गई है। दोनों पति-पत्नी दिव्यांग थे।

बताया जाता है कि दंपति गांव से कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर अपने जमीन पर एक झोपड़ीनुमा घर बनाकर वर्षों से रह रहे थे और खेती का काम करते थे। दंपति को कोई भी संतान नहीं है, इस कारण सिर्फ दो ही लोग घर में रहते थे।

बताया जा रहा है कि इनकी करीब एक बीघा जमीन है, जिस पर दंपति खेती करते थे। ग्रामीणों को बुधवार की सुबह घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

शंभुगंज थाना के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आशंका जताई जा रही है कि दोनों की अपराधियों ने पहले पिटाई की और फिर धारदार हथियार से वारकर दोनों की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक सही पता नहीं चल सका है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि जमीन को लेकर दंपति की हत्या की गई होगी।

इतिहास रचने के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास ज़रूरी – मंत्री टंक राम वर्मा

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *