जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.8 रही तीव्रता

कुपवाड़ा, 23 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में रविवार शाम करीब 8.47 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र कुपवाड़ा बताया जा रहा है।

भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, यह भूकंप शाम करीब 8:47 बजे आया और इसकी गहराई 10 किलोमीटर के आसपास थी।

रविवार को ही यूपी के गाजियाबाद में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। गाजियाबाद में महसूस किए गए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार इस भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था।

इससे पहले 17 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में जोरदार भूकंप आया था, जिसका केंद्र दिल्ली रहा था। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह 5:36 बजे तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि जो लोग सो रहे थे, उनकी नींद टूट गई, और जो जाग रहे थे, वह दहशत में आ गए। जानकारी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र नई दिल्ली था और इसकी गहराई 5 किलोमीटर रही।

अधिकारियों ने बताया था कि इस क्षेत्र में हर दो से तीन साल में हल्के झटके महसूस होते रहते हैं। इससे पहले, 2015 में यहां 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

तमिलनाडु के तूतीकोरिन में अनुसूचित जाति के छात्र पर हमला, एनएचआरसी ने जारी किया नोटिस

भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार, हमारी धरती की सतह मुख्य रूप से सात बड़ी और कई छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से बनी है। ये प्लेट्स लगातार हरकत करती रहती हैं और अक्सर आपस में टकराती हैं। इस टक्कर के परिणामस्वरूप प्लेट्स के कोने मुड़ सकते हैं और अत्यधिक दबाव के कारण वे टूट भी सकती हैं। ऐसे में, नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर फैलने का रास्ता खोजती है और यही ऊर्जा जब जमीन के अंदर से बाहर आती है, तो भूकंप आता है।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *