दिल्ली में भारत-सिंगापुर रक्षा वार्ता, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर होगा विचार

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सिंगापुर के रक्षा मंत्री डॉ. एनजी इंग हेन ‘भारत-सिंगापुर रक्षा मंत्रियों की वार्ता’ की सह-अध्यक्षता करेंगे। यह भारत-सिंगापुर रक्षा मंत्रियों की छठी वार्ता है। यह वार्ता मंगलवार को नई दिल्ली में होनी है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाना है। दोनों पक्ष साझा हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

भारत और सिंगापुर एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं। द्विपक्षीय रक्षा संबंध इस सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। भारत और सिंगापुर के बीच होने वाली चर्चाओं में विविधता आई है।

इसमें व्यापक संपर्क, मिलिट्री-टू-मिलिट्री आदान-प्रदान, उच्च-स्तरीय यात्राएं, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण कार्यक्रम, संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना में सहयोग, समुद्री जहाज की यात्राएं शामिल हैं।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि सिंगापुर भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का एक प्रमुख स्तंभ है और इंडो-पैसिफिक विजन का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता का एक महत्वपूर्ण कारक है। सिंगापुर के रक्षा मंत्री 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की यात्रा पर रहेंगे।

भारतीय वायु सेना और सिंगापुर वायु सेना ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा वायु सेना स्टेशन पर संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास का 12वां संस्करण भी शुरू किया है। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों के संवाद की बात की जाए तो इससे पहले रक्षा मंत्रियों के संवाद का पांचवां संस्करण जनवरी 2021 में वर्चुअल टेलीकॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुआ था।

2840 स्थानों पर हुई जाँच, 3691 गैस सिलेण्डर जब्त : मंत्री राजपूत

वहीं, सोमवार को स्पेनिश वायु सेना और अंतरिक्ष बल के चीफ ऑफ स्टाफ एयर जनरल फ्रांसिस्को ब्रैको कार्बो ने नई दिल्ली में वायु सेना प्रमुख चीफ ऑफ एयर स्टाफ, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से मुलाकात की। बैठक के दौरान आपसी हितों के मुद्दों और दोनों वायु सेनाओं के बीच सहयोग को और बढ़ाने के साधनों पर चर्चा की गई।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *