नवी मुंबई रोड रेज में हत्या मामला, किरीट सोमैया बोले -'आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी'

मुंबई, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने रविवार को नवी मुंबई में शिव कुमार शर्मा के परिवार से मुलाकात की। शिव कुमार शर्मा की दो अज्ञात दोपहिया वाहन सवारों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी।

मृतक के परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से भाजपा नेता किरीट सोमैया ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, “क्या यह बांग्लादेश है? बांग्लादेश में हिंदुओं की बेरहमी से हत्या की जाती है। मैंने पुलिस से कहा है कि जल्द से जल्द इस मामले में एक्शन ले। आज पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को दो दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मैंने इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी कहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि इस घटना के पीछे जो भी लोग होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। मृतक के परिजनों को पुलिस द्वारा आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

बता दें कि 2 फरवरी की रात नवी मुंबई में बीच सड़क एक शख्स की हेलमेट से सिर पर कई बार वार कर हत्या कर दी गई थी। इस खौफनाक वारदात को दो अज्ञात वाहन सवारों ने अंजाम दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद घटना स्थल से आरोपी फरार हो गए। खारघर पुलिस थाने में हत्या से संबंधित धाराओं को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 45 साल के शिवकुमार शर्मा, वाशी के रहने वाले थे।

पुलिस के अनुसार, शर्मा बेलपाड़ा-उत्सव चौक रोड की ओर अपने दो पहिया वाहन से जा रहे थे। इसी बीच सामने से दो स्कूटी सवार आए और टक्कर मार दी। इस घटना के बाद आरोपियों ने शिवकुमार शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने इस दौरान हेल्मेट से उसके सिर पर जोरदार वार किया। इस घटना के बाद शिवकुमार शर्मा सड़क पर गिर गया। लोगों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की खोज में पुलिस बल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

डॉक्टर से रेप व हत्‍या पर ममता बनर्जी व इंडी गठबंधन चुप क्यों : भाजपा

–आईएएनएस

डीकेएम/केआर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *