वक्फ संशोधन से भू-माफियाओं पर लगाम लगेगी : सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी

देवास, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। वक्फ संशोधन बिल के लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी पास होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता बेहद खुश हैं। इस मौके पर शाजापुर के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के निवास पर कार्यकर्ता पहुंचे और उन्हें बधाई दी। बिल के पास होने पर केंद्रीय मंत्रियों, विधायकों और सांसदों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

देवास-शाजापुर से सांसद और भाजपा प्रवक्ता महेंद्र सिंह सोलंकी ने इस बिल को ऐतिहासिक कदम बताते हुए सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी।

उन्होंने कहा, “मैं पीएम मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं। उनके नेतृत्व में यह नया कानून बना है। वक्फ संशोधन से भू-माफियाओं पर लगाम लगेगी, जो वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग करते थे। यह कानून न सिर्फ गैर-मुस्लिमों को बल्कि गरीब मुस्लिम समुदाय को भी फायदा पहुंचाएगा, जिनके कल्याण के लिए वक्फ बनाया गया था। अब तक कानून में कमियों के कारण इन संपत्तियों का लाभ गरीब मुस्लिमों तक नहीं पहुंच पाता था, बल्कि भू-माफिया इसका फायदा उठाते थे। इस संशोधन से उनकी मनमानी पर रोक लगेगी।”

सोलंकी ने आगे कहा कि यह कानून पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ गरीब मुस्लिमों के हित में काम करेगा। उन्होंने इसे पीएम मोदी की सरकार की दूरदर्शिता का परिणाम बताया और कहा कि इससे वक्फ संपत्तियों का सही इस्तेमाल सुनिश्चित होगा।

वक्फ संशोधन बिल को लेकर कांग्रेस की ओर से लगातार विरोध देखने को मिला है। इस पर सांसद सोलंकी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का काम सिर्फ विरोध करना है। जब नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) आया था, तब भी उन्होंने मुस्लिम समुदाय को भड़काया था। शाहीन बाग जैसे आंदोलन करवाए गए और दावा किया गया कि मुस्लिमों की नागरिकता छिन जाएगी। लेकिन आज सीएए लागू हो चुका है और एक भी मुस्लिम की नागरिकता नहीं गई।”

दिल्ली में जनता का मिल रहा भरपूर समर्थन, खिलेगा कमल : सतीश उपाध्याय

सोलंकी ने कांग्रेस पर मुस्लिमों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने कभी मुस्लिमों की शिक्षा या स्वास्थ्य के लिए काम नहीं किया। उन्हें सिर्फ लॉलीपॉप देकर भ्रमित किया जाता रहा। आज मुस्लिम समुदाय की जो हालत है, उसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।”

उन्होंने दावा किया कि इस बार मुस्लिम समुदाय वक्फ संशोधन बिल का विरोध नहीं करेगा, क्योंकि यह उनके हित में है।

सोलंकी ने कहा, “कांग्रेस चाहे जितना माहौल बनाने की कोशिश करे, मुस्लिम अब समझ चुके हैं कि यह कानून गरीबों और निष्पक्षता के पक्ष में है।”

–आईएएनएस

एसएचके/केआर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *