महाराष्ट्र : 6 नवंबर को जारी होगा कांग्रेस का घोषणापत्र

मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 6 नवंबर को पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे। इस मौके पर एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) के मुखिया उद्धाव ठाकरे भी मौजूद रहेंगे।

इसी दिन महाराष्ट्र में “संविधान बचाओ आंदोलन” भी होगा। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इस आंदोलन के बाद महा विकास अघाड़ी की बड़ी बैठक होगी।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर एक चरण में ही 20 नवंबर को मतदान होंगे और नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को होगी। प्रदेश में मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच माना जा रहा है। दोनों ही गठबंधन जीत के दावे कर रहे हैं। लेकिन जीत किसकी होगी, इसका फैसला जनता 20 नवंबर को करेगी और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख थी। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 22 अक्टूबर को शुरू हुई थी। नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्टूबर को होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख 4 नवंबर है।

महा विकास अघाड़ी में शामिल कांग्रेस 103 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शरद गुट की एनसीपी 87 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। छह सीटें महा विकास अघाड़ी के अन्य सहयोगियों को दी गई हैं, जबकि तीन अन्य विधानसभा सीटों पर अभी तक कोई फैसला नहीं हो पाया है।

रुपये में तेजी जारी, डॉलर के मुकाबले 3 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा

इस बीच, कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है, जिसमें कुल 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। इस सूची में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं। आगामी दिनों में ये सभी नेता पार्टी के पक्ष में प्रचार करते हुए दिखेंगे।

–आईएएनएस

एसएचके/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *