नितीश रेड्डी : क्या मिल गया टीम इंडिया को हार्दिक 2.0 ?

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। नितीश रेड्डी, ये नाम इन दिनों लाइमलाइट में क्यों है?, भारतीय क्रिकेट टीम के इस युवा बल्लेबाज ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में टी20 डेब्यू किया। उम्र 21 साल और हुनर बेमिसाल, इस युवा खिलाड़ी ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में एक ऐसी पारी खेल डाली जिसने सबको अपना मुरीद बना दिया। उन्हें देखकर ऐसा लगा कि हार्दिक पांड्या का उत्तराधिकारी मिल गया।

वैसे तो हर खिलाड़ी का हुनर और काबिलियत अलग होती है लेकिन टीम में उन्हें रोल किसी पुराने धाकड़ खिलाड़ी का ही मिलता है। ऐसा ही कुछ कनेक्शन नितीश कुमार रेड्डी और हार्दिक पांड्या के बीच बनता दिखाई दे रहा है। दोनों ही खिलाड़ी बैटिंग ऑलराउंडर हैं और राइट आर्म फास्ट गेंदबाजी करते हैं।

टीम इंडिया में हार्दिक ने कुछ वर्षों पहले से लेकर अब तक मुख्य ऑलराउंडर की भूमिका निभाई। हालांकि, उनकी फिटनेस और इंजरी इस दौरान टीम इंडिया के लिए परेशानी का सबब रहा। टीम को कुछ और ऑप्शन भी मिले लेकिन वो ज्यादा दिन मैदान में टिक नहीं पाए। ऐसे में अपने डेब्यू मैच में नितीश ने टीम इंडिया में इस रोल के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

दिल्ली में नितीश रेड्डी ने बांग्लादेश के खिलाफ महज 34 बॉल पर 74 रन की पारी खेल डाली। इस युवा ने 217 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की जिसमें उन्होंने चौके से ज्यादा छक्के लगाए। नीतीश की पारी में 7 छक्के थे जबकि चौके सिर्फ 4 ही लगाए। आउट होने से पहले इस बैटर ने बांग्लादेश के अनुभवी गेंदबाज मेहदी हसन मिराज के एक ओवर में 26 रन मारे। इसमें 3 छक्के और एक चौका शामिल था। जबकि गेंद से उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट भी चटकाए और मैन ऑफ द मैच रहे।

पीएम मोदी ने अजमेर में चादर भेजकर द‍िया एकता का संदेश : वारसी

नितीश की तकनीक सॉलिड है, अच्छा डिफेंस और लंबे सिक्स लगाने की काबिलियत भी है। कुल मिलाकर नितीश कुमार हर फॉर्मेट के लिए रेडी हैं। दिल्ली टी20 में नितीश की बल्लेबाजी देखकर साफतौर पर लगा कि ये खिलाड़ी लंबी रेस का घोड़ा है। चाहे तेज गेंदबाजों के खिलाफ स्टेबल पोजिशन की बात हो या स्पिनर्स के खिलाफ चहलकदमी, यह युवा बल्लेबाज हर पैमाने पर छा गया।

नितीश का जन्म आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में हुआ है। साल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ जुड़े इस खिलाड़ी के लिए आईपीएल 2024 यादगार रहा था। अंडर-19, घरेलू, फर्स्ट क्लास क्रिकेट, लिस्ट ए में भी इस युवा खिलाड़ी के आंकड़े अद्भुत हैं।

–आईएएनएस

एएमजे/आरआर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *