नोएडा : 105 किलो विस्फोटक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटाखों पर प्रतिबंध होने के बावजूद आरोपी शहर में इसका कारोबार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को सेक्टर-49 थाने की पुलिस ने एक आरोपी को 104 किलो 800 ग्राम विस्फोटक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पटाखा बनाने के लिए गंधक और पोटाश मंगाया था। गिरफ्त में आए आरोपी के अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एसीपी ट्विंकल जैन ने बताया कि दीपावली के दौरान कई लोग गैरकानूनी तरीके से विस्फोटक पदार्थ बेचते हैं। इसकी जांच के लिए सभी थाना क्षेत्र में एक टीम बनाई गई है। शुक्रवार को टीम ने बरौला गांव के चौहान कॉलोनी से दीक्षांत को गिरफ्तार कर लिया। 20 वर्षीय दीक्षांत के पास से भारी मात्रा में गंधक और पोटाश मिला।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पटाखे बनाने के लिए विस्फोटक लाए थे। दीपावली के दौरान इसमें मोटा मुनाफा मिलता है। ऐसे में उसने इस बार पटाखे बनाकर उसे गुपचुप तरीके से बाजार में बेचने के बारे में सोचा। विस्फोटक आरोपी ने दादरी से मंगवाया था।

आरोपी ने बताया कि दादरी निवासी कोई व्यक्ति अन्य जनपद से पोटाश मंगाता है। वहीं से जनपद के लोग विस्फोटक लाते हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

मैं न तो गलत काम करता हूं और न ही किसी को करने देता हूं : महेंद्र गोयल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *