अंबेडकर पर अमित शाह के बयान पर देश के लोग आक्रोशित हैं : गोपाल राय

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहेब डॉ. बी. आर. अंबेडकर पर दिए बयान को लेकर गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में विरोध-प्रदर्शन किया। बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के वेस्ट ज्योति नगर में दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय के नेतृत्व में लोग इकट्ठा हुए और विरोध-प्रदर्शन किया।

गोपाल राय ने कहा है कि सदन के अंदर जिस तरह से अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है, आज पूरे देश में लोग आक्रोशित हैं। देश भर में इसके खिलाफ आवाज उठ रही है। पहले भाजपा संविधान को बदलने का प्रयास करती रही है और अब सरेआम संसद में बैठकर बाबा साहेब अंबेडकर को अपमानित किया गया है। देश यह बर्दाश्त नहीं करेगा। दिल्ली की सभी विधानसभा क्षेत्रों में इसका विरोध किया गया है। बाबरपुर विधानसभा में हम लोग इकठ्ठा होकर अमित शाह के बयान के खिलाफ विरोध जता रहे हैं। हम सबकी एक ही मांग है कि अमित शाह तुरंत माफी मांगें।

इस कड़ी में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों को साकार करना है तो हर बच्चे को शिक्षा, समान अधिकार देना हमारा कर्तव्य है। परिवर्तन जमीन से जुड़कर काम करने पर आता है। शिक्षा ही भविष्य है, और हर बच्चे का भविष्य हमारी जिम्मेदारी है।

दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी, देश को संविधान चलाएगा, आपकी नफरत की राजनीति नहीं। जिन्हें अंबेडकर का नाम और उनके विचार चुभते हैं, वे इस देश को छोड़ सकते हैं। अमित शाह आप देश छोड़ सकते हैं। बड़ा जाति से नहीं, शिक्षा और विचारों से बनते हैं। आपके शब्द दलित समाज के प्रति आपकी घृणित मानसिकता को उजागर करते हैं। देश आपको बाबा साहेब के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगा।”

चिराग पासवान का बड़ा बयान, बिहार में जल्द होगा एनडीए के मुख्यमंत्री उम्मीदवार का फैसला

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *